सीसीटीवी से मिले सुराग के आधार पर रांची पुलिस ने बाबूपाड़ा में की छापेमारी, सकुशल मिला बच्चा
साहिबगंज/तीनपहाड़। रांची रेलवे स्टेशन से 24 सितंबर को लापता हुआ चार वर्षीय मासूम तीनपहाड़ में सकुशल बरामद कर लिया गया। रांची पुलिस ने साहिबगंज पुलिस के सहयोग से तीनपहाड़ के बाबूपाड़ा में छापेमारी कर बच्चे को बरामद किया। मामले में पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।

सीसीटीवी से मिले सुराग के बाद तीनपहाड़ पहुंची पुलिस :
जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ निवासी महिला दिलमेट राजवाड़े अपने बच्चे के साथ सलेम, आंध्र प्रदेश से छत्तीसगढ़ लौट रही थी। 24 सितंबर को ट्रेन बदलने के लिए वह रांची स्टेशन पर उतरी थी। इसी दौरान बच्चा लापता हो गया। महिला ने चुटिया थाना में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस को बच्चे के धनबाद और फिर तीनपहाड़ पहुंचने की जानकारी मिली।
बाबूपाड़ा में छापेमारी, पांच संदिग्ध हिरासत में:

रांची पुलिस की टीम ने तीनपहाड़ पुलिस के सहयोग से बाबूपाड़ा में छापेमारी कर बच्चे को सकुशल बरामद किया। पुलिस ने मौके से चार संदिग्धों को तीनपहाड़ तथा एक को राजमहल क्षेत्र से हिरासत में लिया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बच्चा रांची से तीनपहाड़ तक कैसे पहुंचा और इस मामले में हिरासत में लिए गए लोगों की क्या भूमिका है। बरामद बच्चे को आवश्यक प्रक्रिया के बाद परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की जा रही है।



