जिला अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान ने निर्वाचन आयोग की आईटी प्रणाली के स्वतंत्र ऑडिट और पारदर्शी प्रक्रिया की मांग की
साहिबगंज। शहर के बंगाली टोला स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में रविवार को निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), मतदाता सूची में बदलाव तथा निर्वाचन आयोग की आईटी प्रणाली और डेटा मैनेजमेंट को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। जिला कांग्रेस अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियाद है। एसआईआर के तहत नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को आपत्ति दर्ज कराने और सुनवाई का प्रभावी अवसर मिलना जरूरी है।
कांग्रेस ने रखीं छह प्रमुख मांगें:
खान ने एसआईआर के तहत मतदाता सूची में हुए जोड़, विलोपन और संशोधनों की स्वतंत्र समीक्षा, निर्वाचन आयोग की आईटी प्रणाली एवं डेटा मैनेजमेंट के स्वतंत्र ऑडिट की मांग की। उन्होंने कहा कि पात्र नागरिकों का नाम उचित प्रक्रिया के बिना मतदाता सूची से नहीं हटाया जाना चाहिए। साथ ही निर्वाचन आयोग की निर्णय प्रक्रिया में पारदर्शिता और संस्थागत जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की गई। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से संबंधित उठाए गए आरोपों और उनके कार्यकाल के महत्वपूर्ण निर्णयों की स्वतंत्र समीक्षा की मांग भी कांग्रेस ने रखी।
खान ने बताया कि इन मांगों को लेकर जिला कांग्रेस कार्यालय से समाहरणालय तक विरोध मार्च निकाला जाएगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में अनुकूल चंद्र मिश्रा, बासुकीनाथ यादव, मोहम्मद कलीमुद्दीन, सरफराज आलम, अली कुरैशी, रिजवान अंसारी, सतीश पासवान, मृतंजय यादव, राजेश कुमार सिंह, मो. मेराजुद्दीन, अरविंद कुमार यादव, मो. सईद, लोकनाथ यादव समेत अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।



