खरना पर CM हेमंत सोरेन व कल्पना सोरेन ने राज्यवासियों को दी शुभकामनाएं. छठव्रतियों के अटूट श्रद्धा और मजबूत संकल्प को नमन कर सुख, शांति व समृद्धि की कामना की.
Kharna Wishes by Hemant Soren: छठ महापर्व के दूसरे अनुष्ठान खरना के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन ने राज्यवासियों, छठव्रतियों और उनके परिवारजनों को शुभकामनाएं दी हैं. दोनों ने छठव्रतियों की कठिन साधना, त्याग और समर्पण को नमन करते हुए भगवान भास्कर और छठी मईया से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की.
महापर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक : हेमंत सोरेन
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि छठ महापर्व केवल आस्था और उपासना का पर्व नहीं है, बल्कि यह परिवार के प्रति समर्पण और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की अद्भुत परंपरा भी है. सूर्योपासना के इस महापर्व में छठव्रतियों का कठिन तप, त्याग और निर्जला व्रत उनकी अटूट श्रद्धा और मजबूत संकल्प को दर्शाता है. मुख्यमंत्री ने भगवान भास्कर और छठी मईया से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि प्रदान करने की कामना की.
सादगी, पवित्रता और समर्पण का संदेश देता है खरना : कल्पना सोरेन
विधायक कल्पना सोरेन ने भी खरना के अवसर पर राज्यवासियों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि खरना का अनुष्ठान सादगी, पवित्रता और मिल-बांटकर खुशियां मनाने का संदेश देता है. उन्होंने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए कठिन व्रत करने वाली छठव्रतियों की श्रद्धा और समर्पण को नमन किया. कल्पना सोरेन ने भगवान भास्कर और छठी मईया से प्रार्थना की कि हर घर में सुख, शांति और खुशहाली बनी रहे. साथ ही सभी झारखंडवासी स्वस्थ रहें और उनके जीवन में खुशियां आएं.



