छठ महापर्व पर आज खरना अनुष्ठान के साथ 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होगा. जानिए व्रतियों की तैयारी और पर्व का महत्व.
रांची. लोक आस्था का महापर्व छठ शनिवार को खरना अनुष्ठान के साथ आगे बढ़ेगा. नहाय-खाय के बाद आज छठ व्रती पूरे दिन उपवास रखेंगे. शाम को स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करने के बाद भगवान सूर्य और छठी मइया की पूजा करेंगे. इसके बाद गुड़ की खीर, रोटी और अन्य पारंपरिक पकवानों का भोग लगाकर प्रसाद ग्रहण करेंगे. खरना का प्रसाद परिवार के सदस्यों और परिचितों के बीच भी वितरित किया जायेगा.
खरना के बाद शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत
खरना का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही छठ व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो जायेगा. इस दौरान व्रती अन्न और जल ग्रहण नहीं करेंगे. रविवार को अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया जायेगा. इसके लिए व्रती और श्रद्धालु नदी, तालाबों और अन्य जलाशयों के घाटों पर पहुंचेंगे. सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा.
घरों और बाजारों में छठ की रौनक
खरना को लेकर घरों में साफ-सफाई और प्रसाद तैयार करने की विशेष तैयारी की जा रही है. बाजारों में गुड़, चावल, गेहूं, फल और पूजा सामग्री की खरीदारी जारी है. छठ गीतों से माहौल भक्तिमय बना हुआ है. घाटों पर भी साफ-सफाई और सजावट का काम किया जा रहा है. श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य देने की तैयारियों में जुटे हैं.
छठ महापर्व आस्था, शुद्धता, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश देता है. इस पर्व में भगवान सूर्य और छठी मइया की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की जाती है.



