केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 29 नवंबर को ओडिशा में पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की 28वीं बैठक की अध्यक्षता करेंगे. बैठक में राज्यों के बीच समन्वय और सुरक्षा के मुद्दों पर चर्चा होगी.
Eastern Regional Council Meeting: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 29 नवंबर को ओडिशा में पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की 28वीं बैठक की अध्यक्षता करेंगे. बैठक में ओडिशा, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के बीच आपसी समन्वय, सुरक्षा और क्षेत्रीय विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी.
फास्ट ट्रैक अदालतों के विस्तार पर होगी चर्चा
बैठक में महिलाओं और बच्चों से जुड़े गंभीर अपराधों की त्वरित सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक विशेष अदालतों के विस्तार पर विचार किया जायेगा. इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार करने और राज्यों में आपातकालीन प्रतिक्रिया सहायता प्रणाली को मजबूत करने पर भी जोर दिया जायेगा.
पोषण, शिक्षा और स्वास्थ्य समेत कई मुद्दे एजेंडे में
पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक के एजेंडे में पोषण, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, शहरी नियोजन और सहकारी समितियों से जुड़े विषय भी शामिल हैं. इन मुद्दों पर राज्यों के बीच बेहतर समन्वय और विकास को लेकर चर्चा की जायेगी.
चारों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी होंगे शामिल
बैठक में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी समेत संबंधित राज्यों के मुख्य सचिव और केंद्र व राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी हिस्सा लेंगे. बैठक में क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर राज्यों और केंद्र के बीच समन्वय बढ़ाने पर भी चर्चा होगी.



