बिहटा में बिजली विभाग के नाम पर वसूली का मामला गरमाया हुआ है. जेई पर भी गंभीर आरोप लगे हैं. वायरल वीडियो के बाद विभाग ने FIR दर्ज कराई है और पुलिस जांच कर रही है.
Patna News : बिहटा में बिजली चोरी की जांच के नाम पर उपभोक्ताओं से कथित तौर पर पैसे मांगने और वसूली का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. वहीं, मामला सामने आने और कथित तौर पर वीडियो वायरल होने के बाद विभाग की ओर से दो लोगों के खिलाफ बिहटा थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
विभाग के नाम पर पैसे मांगने का आरोप
मामला विद्युत आपूर्ति प्रशाखा बिहटा-2 से जुड़ा बताया जा रहा है. उपलब्ध प्राथमिकी दस्तावेज के अनुसार, विभाग की ओर से 22 जून को बिहटा थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करायी गयी. आवेदन में आरोप लगाया गया है कि विभाग के नाम पर उपभोक्ताओं से पैसे लेने का प्रयास किया जा रहा था. प्राथमिकी में धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.
वीडियो सामने आने के बाद बढ़ा विवाद
मामले में एक वीडियो भी सामने आने की बात कही गयी है, जिसमें पैसे के लेन-देन को लेकर बातचीत होने का आरोप है. विभाग की शिकायत में कहा गया है कि इस तरह की गतिविधियों से कंपनी की छवि और उपभोक्ताओं के बीच विभाग के प्रति विश्वास प्रभावित हो रहा है. इसी आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गयी. शिकायत में जिन दो लोगों पर मामला दर्ज कराया गया है, उनकी भूमिका को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है. की कराकर पूरे प्रकरण से खुद को अलग रखने का प्रयास किया गया.
दस्तावेज में जांच अधिकारी का उल्लेख
प्राथमिकी दस्तावेज में मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी पुलिस पदाधिकारी मोहम्मद अली शेख को सौंपे जाने का उल्लेख है. पुलिस आरोपों, वायरल वीडियो और संबंधित लोगों के बीच संपर्क समेत पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कथित वसूली की कोशिश किसके कहने पर और किस उद्देश्य से की जा रही थी.




