पतरातू मेन रोड पर ओवरब्रिज निर्माण के कारण भीषण जाम और धूल की समस्या ने लोगों का जीना दूभर कर दिया है. बड़े वाहनों का आवागमन जारी है.
पतरातू. पतरातू-रांची मुख्य सड़क पर स्थित पतरातू मेन रोड के लोग इन दिनों जाम और धूल की दोहरी समस्या से जूझ रहे हैं. महीनों से सड़क पर आवागमन बाधित हो रहा है. हाईवा समेत भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण प्रतिदिन जाम लग रहा है. वहीं, वाहनों के गुजरने से उड़ती धूल राहगीरों, दुकानदारों और आसपास रहने वाले लोगों की परेशानी बढ़ा रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार, जाम की मुख्य वजह रेलवे फाटक पर चल रहा ओवरब्रिज निर्माण कार्य और सड़क की कम चौड़ाई है. बड़े वाहनों के एक साथ गुजरने से सड़क पर आवागमन बाधित हो जाता है. कई बार आम लोगों के साथ एंबुलेंस भी काफी देर तक जाम में फंसी रहती है.
भारी वाहनों के परिचालन पर रोक के निर्देश का पालन नहीं
गौरतलब है कि रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण पूरा होने तक जिला प्रशासन की ओर से दिन के समय भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया था. इसके बावजूद पतरातू मेन रोड पर दिनभर हाईवा समेत अन्य भारी वाहनों की आवाजाही जारी है. इससे प्रशासनिक निर्देशों के अनुपालन पर सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि दिन के समय भारी वाहनों के परिचालन पर रोक के निर्देश का सख्ती से पालन कराया जाए, तो जाम की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है.

धूल से दुकानदारों और स्थानीय लोगों की बढ़ी परेशानी
जाम के साथ सड़क पर उड़ती धूल भी लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गयी है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, धूल को नियंत्रित करने के लिए नियमित रूप से पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा है. इससे दुकानदारों और आसपास रहने वाले लोगों को दिनभर धूल के बीच रहना पड़ रहा है.
स्थानीय लोगों ने पंचायत के मुखिया से इस समस्या पर गंभीरता से ध्यान देने की अपील की है. उन्होंने मांग की है कि सड़क पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जाए. साथ ही जिला प्रशासन अपने पूर्व के निर्देश का सख्ती से पालन कराते हुए ओवरब्रिज निर्माण पूरा होने तक दिन में भारी वाहनों के परिचालन पर रोक सुनिश्चित करे, ताकि आम लोगों को जाम और धूल से राहत मिल सके.



