70th BPSC Candidates Appointment Letter: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार के 2027 नए अफसरों को नियुक्ति पत्र दिया है. ये सभी BPSC 70वीं में सफल अभ्यर्थी हैं. सीएम सम्राट ने कहा, आप जिस भी फाइल पर साइन करेंगे, उससे किसी परिवार का भला होगा.
70th BPSC Candidates Appointment Letter: 70वीं बीपीएससी पास 2027 अफसरों को सीएम सम्राट चौधरी ने नियुक्ति पत्र दिया. मुख्यमंत्री ने 70वीं बीपीएससी के सेकंड टॉपर शशांक गौरव को सबसे पहले नियुक्ति पत्र दिया. इस दौरान नए अफसरों को सीएम ने संबोधित भी किया.
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा, यह पद के साथ सेवा की जिम्मेदारी है. जिस भी फाइल पर आप साइन करेंगे, उससे किसी परिवार का भला होगा. इससे आपके जीवन में भी बदलाव आएगा. इतना ही नहीं, आप जितने ईमानदार बनेंगे, बिहार उतना ही आगे बढ़ता जाएगा.
डिप्टी सीएम ने क्या कहा?
इस कार्यक्रम में डिप्टी सीएम विजेंद्र यादव भी मौजूद रहे. इस दौरान डिप्टी सीएम ने 2005 के पहले वाले बिहार की याद दिलाई. उन्होंने कहा, 2005 से पहले जब एनडीए की सरकार नहीं बनी थी, तब तो राज्य में नौकरी की कल्पना भी कम ही थी. लेकिन जब नीतीश कुमार की सरकारी बनी, उसके बाद राज्य में लोगों को नौकरी मिलना शुरू हुआ. वर्तमान में सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सरकार बनी है तो और भी लोगों को नौकरी मिलेगी.
मात्र इतने पद रहे खाली
BPSC 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के फाइनल रिजल्ट में उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ की श्रद्धा पांडेय ने 593 अंक हासिल कर टॉप किया है. शशांक गौरव और आयुष विजॉय 592-592 अंकों के साथ दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे. दोनों की रैंक का फैसला निबंध के अंकों के आधार पर किया गया. इस भर्ती में कुल 2027 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है, जबकि 8 पद खाली रह गए. इन पदों पर दिव्यांग अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने के कारण नियुक्ति नहीं हो सकी.
महिलाओं का प्रदर्शन रहा शानदार
इस रिजल्ट को लेकर गौर करने वाली बात यह रही कि इसमें महिलाओं का प्रदर्शन भी शानदार रहा. टॉप-100 में 45 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं, जबकि कुल चयनित अभ्यर्थियों में करीब 745 महिलाएं हैं. साथ ही 333 चयनित अभ्यर्थी दूसरे राज्यों के रहने वाले हैं. अनारक्षित वर्ग का कटऑफ 528 और एससी वर्ग का कटऑफ 493 अंक रहा. फाइनल रिजल्ट PT परीक्षा के करीब 18 महीने बाद जारी हुआ. आयोग ने 20 जून को सफल अभ्यर्थियों की सूची जारी की थी.




