पूर्वांचल दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष बने विमल यादव, 16 लाख रुपये का बजट
साहिबगंज। पूर्वांचल दुर्गा पूजा समिति, साक्षरता चौक काटरगंज की बैठक रविवार को मंदिर प्रांगण में हुई। बैठक में सर्वसम्मति से विमल यादव और अखिलेश यादव को अध्यक्ष चुना गया। वहीं अंतेश यादव, केदार यादव, प्रमोद यादव समेत अन्य सदस्यों को उपाध्यक्ष, वीरेंद्र यादव, गौरव यादव, कमलेश यादव व रामाकांत यादव को सचिव की जिम्मेदारी दी गई। अवधेश यादव को कोषाध्यक्ष बनाया गया। पूजा से लेकर विसर्जन तक की जिम्मेदारी सदस्यों को सौंपी गई।
वर्ष 1989 से हो रही पूजा, इस बार भव्य तैयारी:
अध्यक्ष विमल यादव ने बताया कि समिति की ओर से वर्ष 1989 से दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष 100 फीट ऊंचा ओड़िया पुरी स्थित प्रभु जगन्नाथ मंदिरनुमा पंडाल आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगा। इसके अलावा आकर्षक विद्युत साज-सज्जा और मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा तैयार कराई जा रही है। पूजा के साथ मेला भी लगेगा।
सीसीटीवी और पार्किंग की रहेगी व्यवस्था:
पूजा पंडाल में सुरक्षा और साफ-सफाई के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग की व्यवस्था रहेगी तथा दुकानदारों को दुकान लगाने के लिए स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। विसर्जन जुलूस भी भव्य और आकर्षक रहेगा। समिति के कोषाध्यक्ष अवधेश यादव ने बताया कि इस वर्ष पूजा का कुल बजट 16 लाख रुपये रखा गया है। इसमें पंडाल पर 6 लाख, लाइटिंग पर 5 लाख, प्रतिमा निर्माण पर 1 लाख और पूजन सामग्री व भोग पर 1 लाख रुपये खर्च होंगे।



