झारखंड स्थापना दिवस इस बार 28 नवंबर को रांची में मनाया जाएगा. छठ पूजा के चलते मुख्य समारोह की तारीख बदली गई है. जानें 15 से 28 नवंबर तक होने वाले सभी कार्यक्रम.
Jharkhand Foundation Day. झारखंड 15 नवंबर 2026 को अपना 26वां स्थापना दिवस मनायेगा. इस बार राज्य स्थापना दिवस का मुख्य राज्यस्तरीय समारोह 15 नवंबर को नहीं, बल्कि 28 नवंबर को रांची के खेलगांव में आयोजित होगा. इसकी वजह यह है कि स्थापना दिवस के दिन ही छठ महापर्व पड़ रहा है. ऐसे में सरकार ने मुख्य समारोह की तारीख आगे बढ़ाने का फैसला किया है. हालांकि, राज्य गठन के वास्तविक दिन यानी 15 नवंबर को कार्यक्रमों की शुरुआत होगी. सरकार ने स्थापना दिवस और वर्तमान सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर 15 से 28 नवंबर तक विभिन्न गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की है.
15 नवंबर को सभी जिलों में होगी ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’
स्थापना दिवस के अवसर पर 15 नवंबर को सुबह 7 बजे से 8 बजे तक राज्य के सभी जिलों में ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ यानी स्वच्छता के लिए दौड़ आयोजित की जायेगी. इसकी शुरुआत जिले के किसी प्रमुख स्थान या चौक-चौराहे से होगी. इसके बाद प्रतिभागी प्रमुख छठ घाटों तक पहुंचेंगे और वहां सफाई अभियान चलाया जायेगा. इस कार्यक्रम के जरिये स्थापना दिवस की शुरुआत स्वच्छता और जनभागीदारी के संदेश के साथ होगी.
17 से 25 नवंबर तक पंचायत से जिला स्तर पर प्रतियोगिताएं
स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत 17 से 25 नवंबर तक पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जायेंगी. इनमें खेलकूद, नाटक, नृत्य-संगीत और निबंध लेखन जैसी गतिविधियां शामिल हैं. इन प्रतियोगिताओं में चयनित प्रतिभागियों और टीमों को 26 और 27 नवंबर को रांची के खेलगांव में राज्यस्तरीय कार्यक्रम में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा. विजेताओं को 28 नवंबर के मुख्य समारोह में पुरस्कृत किया जायेगा.
खेलगांव में तीन दिन लगेगा मेला और प्रदर्शनी
रांची के खेलगांव में 26 से 28 नवंबर तक मेला-सह-प्रदर्शनी का आयोजन किया जायेगा. इसमें विभिन्न सरकारी विभागों के स्टॉल लगेंगे. इसके अलावा प्रत्येक जिले की ओर से भी अपने उत्पादों, पर्यटन स्थलों और आर्थिक गतिविधियों को प्रदर्शित करने के लिए स्टॉल लगाया जायेगा. विभागीय स्टॉल पर सरकारी योजनाओं, कार्यक्रमों और जनोपयोगी सेवाओं की जानकारी मिलेगी. प्रदर्शनी में नयी तकनीक, शोध और नवाचार से जुड़ी गतिविधियों को भी जगह दी जायेगी. इन तीन दिनों के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे. इसके माध्यम से झारखंड की कला, संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलेगा.
28 नवंबर को होगा मुख्य राज्यस्तरीय समारोह
मुख्य समारोह 28 नवंबर को रांची के खेलगांव में आयोजित किया जायेगा. यह दिन हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली वर्तमान राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ का भी अवसर है. समारोह में विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और शुभारंभ किया जायेगा. पात्र लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों के साथ नियुक्ति पत्रों का वितरण भी प्रस्तावित है. इसके अलावा सरकार के दो साल के कार्यकाल की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जायेगा. पंचायत, प्रखंड, जिला और राज्य स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को भी सम्मानित किया जायेगा.
15 नवंबर को प्रतीकात्मक आयोजन, 28 को होगा बड़ा कार्यक्रम
इस बार झारखंड स्थापना दिवस का आयोजन केवल 15 नवंबर तक सीमित नहीं रहेगा. छठ महापर्व के कारण वास्तविक स्थापना दिवस पर मुख्य समारोह के बजाय स्वच्छता दौड़ और घाटों की सफाई जैसे कार्यक्रम रखे गये हैं. इसके बाद 17 से 25 नवंबर तक प्रतियोगिताएं होंगी. 26 से 28 नवंबर तक खेलगांव में मेला, प्रदर्शनी और सांस्कृतिक आयोजन होंगे. इस पखवाड़े का समापन 28 नवंबर को राज्यस्तरीय समारोह के साथ होगा. इस तरह स्थापना दिवस और सरकार की दूसरी वर्षगांठ को एक साथ बड़े आयोजन के रूप में मनाने की तैयारी है.



