रांची में छठ महापर्व की तैयारियां अंतिम चरण में हैं. जानिए 72 पारंपरिक और 63 कृत्रिम छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए खास इंतजाम.
रांची. लोक आस्था का महापर्व छठ अब अपने सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव पर पहुंच गया है. शनिवार को खरना के बाद रविवार, 15 नवंबर को व्रती अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे. इसके लिए राजधानी रांची के तालाबों, जलाशयों और नदी घाटों पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं. छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए साफ-सफाई, रोशनी, बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम और सुरक्षा के इंतजाम किये जा रहे हैं. रांची नगर निगम की ओर से शहर के 72 पारंपरिक और 63 कृत्रिम छठ घाटों पर व्यवस्था की जा रही है.
रांची के किन घाटों पर कर सकते हैं अर्घ्य अर्पित
राजधानी के प्रमुख छठ घाटों में बड़ा तालाब, हटनिया तालाब, जेल तालाब, चडरी तालाब, कांके डैम, धुर्वा डैम, हातमा तालाब, मधुकम, अरगोड़ा, बटन तालाब, बनस तालाब और पावर हाउस तालाब शामिल हैं. इसके अलावा विभिन्न वार्डों में 63 कृत्रिम छठ घाट भी तैयार किये गये हैं. इनका उद्देश्य प्रमुख घाटों पर भीड़ का दबाव कम करना और लोगों को अपने आसपास ही अर्घ्य देने की सुविधा उपलब्ध कराना है.
72 पारंपरिक और 63 कृत्रिम घाटों पर विशेष व्यवस्था
रांची नगर निगम ने घाटों और आसपास के रास्तों की सफाई के लिए 1200 से अधिक सफाई मित्रों के साथ मुख्यमंत्री श्रमिक योजना के तहत 200 अतिरिक्त श्रमिकों को लगाया है. छठ व्रतियों की सुविधा और निजता को ध्यान में रखते हुए प्रमुख घाटों पर 501 अस्थायी चेंजिंग रूम बनाये जा रहे हैं.
घाटों और संपर्क मार्गों पर रोशनी के लिए 83 स्थानों पर 1508 अतिरिक्त लाइटें लगाने की व्यवस्था की गयी है. बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में 88 जनरेटर भी उपलब्ध कराये जायेंगे. जलाशयों में गहरे और संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग की जा रही है. श्रद्धालुओं को सतर्क करने के लिए चेतावनी संकेतक भी लगाये गये हैं.
धुर्वा डैम पर एनडीआरएफ, रांची लेक में एसडीआरएफ की तैनाती
छठ के दौरान डूबने की घटनाओं को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष सुरक्षा व्यवस्था की है. धुर्वा डैम में एनडीआरएफ की टीम तैनात रहेगी, जबकि विवेकानंद सरोवर यानी रांची लेक में एसडीआरएफ की टीम मौजूद रहेगी. अन्य भीड़भाड़ वाले तालाबों पर अतिरिक्त गोताखोरों की तैनाती की व्यवस्था की गयी है.
प्रशासन ने जलाशयों में तीन फीट से अधिक गहराई वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग करने और खतरनाक हिस्सों को चिह्नित कर चेतावनी संकेतक लगाने के निर्देश दिये हैं. जिले के 260 जलाशयों में गहरे पानी को लेकर संकेतक लगाये गये हैं. बचाव दल रविवार दोपहर से सोमवार दोपहर तक विशेष रूप से सक्रिय रहेंगे. श्रद्धालुओं से अपील की गयी है कि वे बैरिकेडिंग पार कर गहरे पानी में न जायें.
15 और 16 नवंबर को बदलेगा ट्रैफिक रूट
छठ महापर्व के दौरान शहर में जाम से बचने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है. 15 नवंबर को सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. 16 नवंबर को सुबह 2 बजे से 10 बजे तक भी भारी मालवाहक वाहनों की नो-एंट्री रहेगी.
15 नवंबर को दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक चांदनी चौक, कांके से राम मंदिर के बीच ऑटो और ई-रिक्शा का परिचालन बंद रहेगा. बड़ा तालाब, चडरी तालाब, कांके डैम और धुर्वा डैम की ओर जाने वाले कई संपर्क मार्गों पर भी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी. श्रद्धालुओं को संबंधित घाटों तक पहुंचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा.
13 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था
यातायात पुलिस ने छठ घाटों के आसपास 13 स्थानों पर पार्किंग चिह्नित की है. इनमें हटनिया तालाब के आसपास नगर निगम पार्क, नागाबाबा खटाल और एसएसपी आवास चौक के पास के स्थान, कांके डैम के लिए सीएमपीडीआइ और गांधीनगर, शालीमार बाजार, शहीद मैदान, जेल चौक, लालपुर यातायात थाना के पास, सर्जना चौक, चुटिया में सरस्वती शिशु मंदिर के बगल में, बनस तालाब और निवारणपुर शामिल हैं.
श्रद्धालुओं से अपील की गयी है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़ा करें. सड़क किनारे वाहन लगाने से बचें, ताकि घाटों तक आने-जाने में किसी को परेशानी न हो.
प्रशासन की अपील : सुरक्षित दायरे में रहकर दें अर्घ्य
जिला प्रशासन ने पूजा समितियों और श्रद्धालुओं से सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है. घाटों पर लगाये गये बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेतों का पालन करने, बच्चों पर विशेष ध्यान रखने और गहरे पानी में नहीं जाने की सलाह दी गयी है. प्रशासन का प्रयास है कि व्रती और श्रद्धालु सुरक्षित तथा शांतिपूर्ण माहौल में भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें.



