जितिया पर्व पर दामोदर नदी में स्नान के दौरान 16 वर्षीय सोनाक्षी बह गई. बचाने दौड़े मामा को बचा लिया गया, पर किशोरी का अब तक कोई सुराग नहीं. तलाश जारी.
धनबाद. जितिया पर्व के नहाय-खाय के अवसर पर शुक्रवार को दामोदर नदी में नहाने के दौरान 16 वर्षीय सोनाक्षी कुमारी बह गयी. घटना सुदामडीह थाना क्षेत्र के मोहलबनी घाट से सटे अमलाबाद (बोकारो) थाना क्षेत्र में हुई. किशोरी की तलाश अब तक जारी है. उसे बचाने के लिए नदी में उतरे उसके मामा अमन को वहां मौजूद ग्रामीणों ने बांस के सहारे सुरक्षित बाहर निकाल लिया.घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गयी. परिजनों और स्थानीय लोगों ने काफी देर तक नदी में किशोरी की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. स्थानीय लोग किशोरी की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम और मुनीडीह से प्रशिक्षित गोताखोरों को बुलाने की मांग कर रहे हैं.
नहाने के दौरान नदी में बहने लगी किशोरी
लोदना मोड़ रसूलबाग निवासी अशोक माली का परिवार जितिया पर्व के नहाय-खाय पर स्नान करने के लिए मोहलबनी घाट पहुंचा था. परिवार के कुछ युवक और किशोर-किशोरियां नहाने के लिए दामोदर नदी के दूसरी ओर अमलाबाद थाना क्षेत्र की तरफ चले गये थे.
इसी दौरान स्नान करते समय सोनाक्षी कुमारी नदी की धारा में बहने लगी. उसे डूबता देख उसके मामा अमन ने बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी. सोनाक्षी को बचाने के प्रयास में अमन भी डूबने लगा. दोनों को मुश्किल में देख नदी में स्नान कर रहे ग्रामीणों ने उनकी मदद के लिए बांस आगे बढ़ाया. अमन बांस पकड़कर बाहर निकल आया, लेकिन सोनाक्षी नदी की धारा में बह गयी.
पुलिस ने शुरू की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने सुदामडीह थाना पुलिस को जानकारी दी. सूचना पर सुदामडीह पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और किशोरी की तलाश शुरू की. पुलिस ने घटना की जानकारी वरीय अधिकारियों को भी दी है.
पुलिस और स्थानीय लोगों की ओर से नदी के आसपास संभावित स्थानों पर खोजबीन की गयी, लेकिन समाचार लिखे जाने तक किशोरी का कोई सुराग नहीं मिला था. मोहलबनी क्षेत्र में दामोदर नदी के किनारे पहले भी पर्व-त्योहारों के दौरान स्नान के लिए लोगों की भीड़ जुटती रही है.
एनडीआरएफ और गोताखोर बुलाने की मांग
घटना की जानकारी मिलने के बाद पार्षद चंदन महतो और पार्षद प्रतिनिधि गफ्फार अंसारी भी घाट पर पहुंचे. स्थिति का जायजा लेने के बाद पार्षद ने झरिया सीओ और सुदामडीह थाना प्रभारी से एनडीआरएफ की टीम तथा मुनीडीह से गोताखोर बुलाकर किशोरी की तलाश कराने की मांग की.
इधर, परिजन और स्थानीय लोग अपने स्तर से भी नदी में किशोरी की तलाश में जुटे हुए हैं. किशोरी के नहीं मिलने से परिवार में चिंता और मायूसी का माहौल है. फिलहाल तलाश अभियान और प्रशासनिक स्तर पर राहत एवं बचाव प्रयासों पर लोगों की नजर है.



