बोरियो। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने रविवार को बोरियो थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना के अभिलेखों, लंबित कांडों, मालखाना, हाजत, सीसीटीवी, साफ-सफाई एवं रख-रखाव की गहन जांच की। एसपी ने दर्ज कांडों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन और फरार वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
थाना परिसर की साफ-सफाई एवं अनुशासन पर संतोष जताते हुए एसपी ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि थाना आने वाले फरियादियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करें और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर आवश्यक कार्रवाई करें। उन्होंने जवानों के बैरक एवं शस्त्रागार का भी निरीक्षण किया।
एसपी ने कहा कि बेहतर एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। मौके पर थाना प्रभारी रोहित कुमार, एसआई दूधनाथ सिंह, सिद्धार्थ शंकर टोप्पो, कमलेश सिंह, एएसआई धर्मेंद्र कुमार, मनोज शर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।



