बोरियो। थाना परिसर में बुधवार को दीपावली, काली पूजा एवं छठ महापर्व को लेकर अंचलाधिकारी संजय कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में इंस्पेक्टर नुनुदेव रॉय एवं थाना प्रभारी ओम प्रकाश चौहान मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सभी समुदायों के लोगों से आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
बैठक में अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान क्षेत्र में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और आपसी सद्भाव के साथ पर्व मनाएं। प्रशासन एवं पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरती जाएगी। किसी भी तरह की समस्या होने पर तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचना देने की अपील की गई।
वहीं, छठ महापर्व को लेकर छठ घाटों की साफ-सफाई एवं पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था पूजा समितियों को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। जिन घाटों पर पानी अधिक है, वहां सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग कराने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में एसआई सिद्धार्थ शंकर नाथ टोप्पो, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष स्टीफन मुर्मू, बोरियो बाजार मुखिया मीना बास्की, तेली टोला दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष हरदेव शाह, रवि साह, बासुकी नाथ रक्षित, सीताराम रक्षित, नरेंद्र शर्मा, झामुमो नेता रिजवान अंसारी, शकील अहमद, अर्जुन रजक, रंजीत शाह, मिथलेश रक्षित, चंदन दत्ता, बादल रक्षित, नजीर हुसैन सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।



