बरहेट/साहिबगंज। प्रखंड क्षेत्र के गोपालाडीह गांव के समीप मंगलवार अपराह्न एक टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल एक वृद्ध की इलाज शुरू होने से पहले ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बड़ा कदमा गांव निवासी 63 वर्षीय सूर्या हांसदा, पिता स्वर्गीय मिसिर हांसदा के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टेंपो बरहेट की ओर आ रहा था। इसी दौरान गोपालाडीह गांव के समीप चालक का संतुलन बिगड़ गया और टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में सूर्या हांसदा गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें देर शाम इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरहेट लाया गया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर बरहेट थाना के सहायक अवर निरीक्षक जितेंद्र मरांडी अस्पताल पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर थाना ले आए। बुधवार को पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए साहिबगंज भेज दिया। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक थाना में प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी।



