मंडरो। नवसाक्षरों की बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक क्षमता का आकलन करने के लिए प्रखंड के विभिन्न जन चेतना केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई। उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत आयोजित परीक्षा में कुल 909 नवसाक्षरों ने हिस्सा लिया। इनमें 584 महिलाएं और 325 पुरुष शामिल रहे। परीक्षा में महिलाओं की भागीदारी पुरुषों की तुलना में अधिक रही।
परीक्षा के दौरान नवसाक्षरों की पढ़ने-लिखने तथा बुनियादी संख्यात्मक ज्ञान से जुड़ी क्षमताओं का आकलन किया गया। प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी मो. एहसान अहमद ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर परीक्षा संचालन एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय मिर्जाचौकी, उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय बड़तल्ला प्रधान टोला सहित अन्य केंद्रों का भ्रमण किया। उनके साथ बीआरपी क्लेमेंट सोरेन एवं सीआरपी मो. सनाउल्लाह मौजूद रहे।
सभी संकुल साधन सेवियों ने अपने-अपने क्षेत्र के विद्यालयों में परीक्षा का अनुश्रवण किया। परीक्षा के बाद नवसाक्षरों की उपस्थिति एवं संबंधित प्रतिवेदन प्रखंड संसाधन केंद्र, मिर्जाचौकी मंडरो में जमा कराया गया।
प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी ने बताया कि नवसाक्षरों की सीखने की प्रगति का आकलन करने के लिए यह परीक्षा वर्ष में दो बार आयोजित की जाती है।



