ब्रह्माकुमारी संस्था ने नगर परिषद कर्मियों को बांधी राखी, नशामुक्ति का दिलाया संकल्प
साहिबगंज। नगर परिषद सभागार में ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से राखी मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाई-बहन के पवित्र रिश्ते, प्रेम और विश्वास के साथ समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ब्रह्माकुमारी बहन रितु कुमारी एवं अन्य सदस्यों ने नगर परिषद अध्यक्ष रामनाथ पासवान की कलाई पर राखी बांधकर किया। इस दौरान उनके सुख, समृद्धि एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई।
इसके बाद नगर परिषद के सिटी मैनेजर रवि कुमार, सफाई प्रभारी शिव हरि, मुन्ना सिन्हा समेत अन्य कर्मियों की कलाई पर भी राखी बांधी गई। संस्था की ओर से सभी को उपहार भेंट कर भाई-बहन के रिश्ते में प्रेम, विश्वास और सुरक्षा की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

नशामुक्ति की दिलाई शपथ:
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि ब्रह्माकुमारी संस्था के सदस्यों ने नगर परिषद कर्मियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। संस्था की ओर से बताया गया कि स्वस्थ एवं खुशहाल समाज के निर्माण के उद्देश्य से पूरे देश में 10 करोड़ लोगों को नशामुक्त बनाने के लक्ष्य के साथ जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है।
वक्ताओं ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका प्रतिकूल असर पड़ता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को नशे से दूर रहकर दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करना चाहिए।
राखी मिलन समारोह में आध्यात्मिकता, सामाजिक जागरूकता और भाईचारे का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम के माध्यम से रिश्तों की मिठास के साथ नशामुक्त और स्वस्थ समाज निर्माण का संदेश दिया गया।



