साहिबगंज के मुक्तेश्वर धाम में कार्तिक पूर्णिमा पर हजारों भक्तों ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई. तुलसी-शालिग्राम विवाह और दान-पुण्य का विशेष आयोजन.
कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को साहिबगंज स्थित उत्तरवाहिनी गंगा के पवित्र तट मुक्तेश्वर धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. दूर-दूर से पहुंचे हजारों भक्तों ने आस्था की डुबकी लगाई और भगवान विष्णु को पुष्प अर्पित कर सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मांगा.
विधि-विधान से संपन्न हुआ तुलसी-शालिग्राम विवाह
पवित्र गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की. इस दौरान भक्तों ने पूरे विधि-विधान के साथ तुलसी और शालिग्राम विवाह संपन्न कराया. पूजा का संचालन पुरोहित बीके पांडे ने किया. उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं को तुलसी-शालिग्राम विवाह की धार्मिक महत्ता बताई और कथा का श्रवण कराया.
जरूरतमंदों के बीच हुआ अन्न और वस्त्र का वितरण
गंगा स्नान और कथा श्रवण के बाद श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक दान-पुण्य किया. इस पुण्य अवसर पर गंगा तट पर मौजूद जरूरतमंदों के बीच वस्त्र और अन्न का वितरण किया गया. सुबह से ही शुरू हुए पूजा-पाठ और मंत्रोच्चार के कारण पूरे मुक्तेश्वर धाम परिसर में भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा.



