उधवा। रेलवे टिकटों की अनधिकृत खरीद-बिक्री के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए राधानगर थाना क्षेत्र के उत्तर पियारपुर में संचालित एक प्रज्ञा केंद्र पर छापेमारी की। कार्रवाई साइबर सेल हावड़ा और आरपीएफ मालदा से प्राप्त महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर की गई। छापेमारी के दौरान व्यक्तिगत यूजर आईडी का कथित रूप से व्यावसायिक इस्तेमाल कर रेलवे ई-टिकटों की बुकिंग और बिक्री करने के आरोप में 28 वर्षीय गोलाम मोहम्मद को गिरफ्तार किया गया।आरपीएफ पोस्ट बड़हरवा के इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने राधानगर पुलिस के सहयोग से प्रज्ञा केंद्र में अचानक दबिश दी। टीम में एएसआई जलेश्वर कुमार दुबे, आरक्षी अनिल कुमार साह और अमरेश कुमार शामिल थे। तलाशी के दौरान कई व्यक्तिगत आईडी के जरिए रेलवे टिकटों की बुकिंग किए जाने की जानकारी सामने आई।
मौके से टिकट और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद
कार्रवाई के दौरान गवाहों की मौजूदगी में जब्ती सूची तैयार कर आरोपी के पास से नौ व्यक्तिगत यूजर आईडी से संबंधित रिकॉर्ड, तीन लाइव/भविष्य की यात्रा वाले ई-टिकट तथा छह पूर्व यात्राओं के ई-टिकट बरामद किए गए। बरामद टिकटों का कुल मूल्य 19,579.80 रुपये बताया गया है। इसके अलावा टिकट बुकिंग में इस्तेमाल किए जा रहे एक एचपी लैपटॉप, एक लेनोवो लैपटॉप और एक रियलमी मोबाइल फोन को भी जब्त किया गया।
रेलवे अधिनियम के तहत मामला दर्ज
आरपीएफ ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरपीएफ पोस्ट बड़हरवा में कांड संख्या 663/2026, दिनांक 18 अगस्त 2026 दर्ज किया है। मामले में रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत कार्रवाई की गई है। आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, व्यक्तिगत आईडी का इस्तेमाल व्यावसायिक तौर पर रेलवे टिकटों की खरीद-बिक्री के लिए करना नियमों के विरुद्ध है। ऐसे मामलों में रेलवे सुरक्षा बल की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है।
दूरदराज जाने वाले यात्रियों को बनाते हैं निशाना
गौरतलब है कि साहिबगंज जिले के सीमावर्ती इलाकों से बड़ी संख्या में मजदूर और अन्य लोग रोजगार के सिलसिले में केरल, महाराष्ट्र, मुंबई, पुणे और चेन्नई समेत देश के विभिन्न हिस्सों में आते-जाते हैं। त्योहारों और छुट्टियों के दौरान ट्रेनों में सीटों की बढ़ती मांग का फायदा उठाकर टिकट दलाल यात्रियों से अतिरिक्त रकम वसूलते हैं। जानकारी के अभाव में कई यात्री ऐसे लोगों के झांसे में आ जाते हैं।रेलवे की ओर से यात्रियों को सलाह दी जाती है कि टिकट की बुकिंग अधिकृत माध्यमों से ही कराएं और किसी व्यक्ति द्वारा अतिरिक्त रकम लेकर टिकट उपलब्ध कराने के प्रस्ताव से सावधान रहें। रेलवे टिकटों की अवैध खरीद-बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहने की बात अधिकारियों ने कही है।



