मुक्तेश्वर धाम में तुलसी-शालिग्राम विवाह, देव दीपावली पर गंगा तट पर हुआ दीपदान
साहिबगंज: कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को साहिबगंज जिले के सभी गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही साहिबगंज, राजमहल, उधवा, बरहरवा सहित विभिन्न क्षेत्रों के गंगा घाटों पर हजारों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई और पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।इस अवसर पर साहिबगंज स्थित उत्तरवाहिनी गंगा के पवित्र तट मुक्तेश्वर धाम में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। गंगा स्नान के बाद भक्तों ने मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की और पूरे विधि-विधान के साथ तुलसी-शालिग्राम विवाह संपन्न कराया। पूजा का संचालन पुरोहित बीके पांडे ने किया। उन्होंने श्रद्धालुओं को तुलसी-शालिग्राम विवाह की धार्मिक महत्ता बताई और कथा का श्रवण कराया।

देव दीपावली पर दीपदान की परंपरा
कार्तिक पूर्णिमा को कई स्थानों पर देव दीपावली के रूप में भी मनाया जाता है। इस अवसर पर शाम के समय श्रद्धालुओं ने गंगा तट पर दीप जलाकर दीपदान किया और गंगा में दीप प्रवाहित कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की मंगलकामना की। गंगा किनारे जलते दीपों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

दान-पुण्य कर मांगी सुख-समृद्धि की कामना
गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक दान-पुण्य किया। मुक्तेश्वर धाम में जरूरतमंदों के बीच वस्त्र और अन्न का वितरण किया गया। सुबह से ही पूजा-पाठ, मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के कारण गंगा घाटों एवं मंदिरों में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा।



