प्रमुख नागरिक गोष्ठी में भाजपा नेताओं और गणमान्य लोगों ने रखे विचार, विपक्ष पर युवाओं को गुमराह करने का लगाया आरोप
साहिबगंज। भाजपा की ओर से देशभर के सभी प्रमंडलों में आयोजित किए जा रहे ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम के तहत साहिबगंज शहर के मछुआ सोसायटी में प्रमुख नागरिक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं कार्यक्रम संयोजक गणेश प्रसाद तिवारी, पूर्व जैक अध्यक्ष डॉ. अरविंद कुमार सिंह, पूर्व प्राचार्य डॉ. मृदुला सिन्हा, डॉ. अतुल कुमार, अधिवक्ता अशोक श्रीवास्तव, पूर्व शिक्षक जंगबहादुर ओझा और व्यवसायी शंभू जाजोदिया सहित कई गणमान्य लोगों ने अपने विचार रखे।
एसआईआर के समर्थन में युवाओं से की जागरूक रहने की अपील :
कार्यक्रम के संयोजक गणेश प्रसाद तिवारी ने अपने संबोधन में कांग्रेस समेत विपक्षी दलों पर देश में अराजकता फैलाने की साजिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष एसआईआर और मतदाता सूची के मुद्दे पर लोगों, विशेषकर युवाओं को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है। एसआईआर कोई नई प्रक्रिया नहीं है। पूर्व में भी कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में कई बार मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण किया जा चुका है। इसके बावजूद विपक्ष द्वारा इस प्रक्रिया का विरोध किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए दोहरे मतदाता पंजीकरण और अपात्र प्रविष्टियों की जांच जरूरी है। तिवारी ने युवाओं से अपील की कि वे किसी भी आंदोलन या राजनीतिक मुद्दे पर प्रतिक्रिया देने से पहले उसके तथ्यों और इतिहास को समझें। उन्होंने केंद्र सरकार के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश को विकास और स्थिरता की आवश्यकता है।
विकास और लोकतांत्रिक व्यवस्था को लेकर वक्ताओं ने रखे विचार :
गोष्ठी में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी लोकतांत्रिक व्यवस्था, मतदाता सूची की शुद्धता और देश के विकास से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे। व्यवसायी वर्ग के प्रतिनिधियों ने कहा कि देश में विकास का माहौल बनाए रखना जरूरी है और व्यवसायी वर्ग विकास को प्राथमिकता देने वाली नीतियों का समर्थन करता है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने एक स्वर में एसआईआर प्रक्रिया का समर्थन किया तथा आंदोलन के नाम पर युवाओं को गुमराह करने और अराजकता फैलाने के प्रयासों का विरोध किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामानंद साह ने किया। मंचासीन अतिथियों का स्वागत पूर्व जिला उपाध्यक्ष चंद्रभान शर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मत्स्य प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक राजीव चौधरी ने किया।
इस अवसर पर चैंबर अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष विवेक सिंह, जयप्रकाश सिन्हा, चेतन भारतीय, प्रो. सुबोध झा, अजय वर्मा, उज्ज्वल मंडल, रणधीर सिंह, प्रो. कमल महावर, अशोक साह, राजेश मंडल, मनोज झा, सुधीर श्रीवास्तव, बिंदेश्वरी यादव, विवेकानंद तिवारी, संजय पटेल, अनंत सिन्हा, महेंद्र पोद्दार, डॉ. कामेश्वर पांडेय, यशवंत सिंह, देवेंद्र चौधरी, नवल किशोर साह, वेदप्रकाश खुदानिया, भिखारी साह, जलेश्वर ठाकुर, डॉ. श्रीनिवास मिश्रा, जयप्रकाश तुरी, रामसेवक मंडल, जनमेजय मिश्रा, विनय शर्मा और अनिल सिंह सहित दर्जनों गणमान्य लोग उपस्थित थे।



