मुख्य सड़क और हटियापाड़ा रोड से हटाया गया अतिक्रमण, निर्धारित स्थान पर दुकान लगाने का दिया निर्देश
बोरियो। बोरियो अंचल क्षेत्र में सड़क अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने अभियान चलाया। पुलिस निरीक्षक नुनुदेव रॉय की उपस्थिति में सीओ संजय कुमार शुक्ला एवं थाना प्रभारी ओम प्रकाश चौहान के नेतृत्व में बोरियो बाजार की मुख्य सड़क, हटियापाड़ा रोड सहित अन्य प्रमुख सड़कों पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क पर अतिक्रमण कर दुकान लगाने वाले दुकानदारों को फटकार लगाते हुए सड़क खाली कराई गई।
अभियान के दौरान सड़क किनारे मछली बेचने वाले विक्रेताओं को भी सख्त हिदायत दी गई। अधिकारियों ने उन्हें निर्धारित स्थान पर ही मछली की दुकान लगाने का निर्देश दिया। वहीं, सड़क पर बेतरतीब तरीके से टोटो खड़ा करने वाले चालकों को भी चेतावनी देते हुए निर्धारित स्थान पर ही वाहन खड़ा करने को कहा गया।
यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने पर प्रशासन का जोर :
अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर अतिक्रमण और बेतरतीब तरीके से वाहनों की पार्किंग के कारण आम लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती है। इससे यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है। सभी दुकानदारों एवं टोटो चालकों को सड़क खाली रखने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही भविष्य में दोबारा सड़क पर अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी भी दी गई।
अभियान के दौरान अंचल निरीक्षक सुधीर रजक सहित पुलिस बल के जवान मौजूद रहे।



