राजमहल। दीपावली पर्व के मद्देनजर क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा विधि-व्यवस्था को दुरुस्त रखने के उद्देश्य से राजमहल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय में बुधवार को अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी ने की। इस दौरान आगामी दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर पुलिस पदाधिकारियों के साथ विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। साथ ही क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने, आपराधिक गतिविधियों पर निगरानी रखने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी ने पुलिस पदाधिकारियों को पर्व के दौरान पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निभाने तथा आम लोगों के बीच सुरक्षा का भरोसा बनाए रखने पर जोर दिया। मौके पर पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन, तालझारी थाना प्रभारी नितेश कुमार पांडेय, राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, राधानगर थाना प्रभारी रोहित कुमार सहित तीनपहाड़ थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।



