धान की ढुलाई के लिए 20 किलोमीटर का चक्कर लगाने की मजबूरी, सात गांवों के ग्रामीण प्रभावित
कोटालपोखर (साहिबगंज)। बड़हरवा-पाकुड़ रेलखंड के विजयपुर गांव स्थित रेलवे पुल संख्या 256 पर लोहे के स्लीपर लगाकर रास्ता बंद किए जाने के विरोध में सोमवार को दर्जनों किसानों ने प्रदर्शन किया। किसानों ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आवागमन बहाल करने की मांग की।
प्रदर्शन में मयूरकोला, दुखियाटोला, भाटापारा, पथरिया, बड़ा सुनकर, विजयपुर और मुसहरी टोला के किसान शामिल हुए। किसानों का कहना है कि पुल बंद होने से बैलगाड़ी और छोटे वाहनों का आवागमन बाधित हो गया है। धान कटनी के मौसम में खेतों से खलिहान तक उपज पहुंचाने के लिए अब करीब 20 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है।
किसान बलदेव साहा और मो. रिजवान ने कहा कि इससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी हो रही है। उन्होंने रेलवे प्रशासन से जल्द वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था करने की मांग की। किसानों ने चेतावनी दी कि धान कटनी से पहले समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा।



