सिरासिन के दो और मेंहदीडंगा के एक भट्ठे पर हुई कार्रवाई, पहले छह भट्ठे भी किए जा चुके हैं बंद
बरहरवा (साहिबगंज)। प्रखंड क्षेत्र में बिना वैध अनुमति और निर्धारित मानकों के संचालित ईंट भट्ठों के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। उपायुक्त के निर्देश पर मंगलवार को अधिकारियों की टीम ने विभिन्न स्थानों पर ईंट भट्ठों की जांच की। इस दौरान सिरासिन में संचालित दो और मेंहदीडंगा स्थित एक ईंट भट्ठे को सील कर दिया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से भट्ठा संचालकों में हड़कंप मच गया।
वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर हुई कार्रवाई :

माइंस इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि उपायुक्त के निर्देश पर बरहरवा क्षेत्र के ईंट भट्ठों की जांच की जा रही है। जिन संचालकों के पास संचालन से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिल रहे हैं, उनके भट्ठों को सील किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी छह ईंट भट्ठों को सील किया जा चुका है।
सीटीओ के बिना नहीं मिलेगी संचालन की अनुमति :
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अब केवल उन्हीं ईंट भट्ठों को संचालन की अनुमति दी जाएगी, जिनके पास सीटीओ (कंसेंट टू ऑपरेट) समेत सभी आवश्यक वैध दस्तावेज उपलब्ध होंगे। बिना अनुमति और निर्धारित मानकों का उल्लंघन कर कारोबार करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य अवैध संचालन पर रोक लगाने के साथ प्रदूषण नियंत्रण संबंधी नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करना है।



