कहा: फर्जी दस्तावेजों के जरिए घुसपैठियों को राज्य सरकार दे रही संरक्षण, एसआईआर प्रक्रिया पर उठाए सवाल
साहिबगंज। झारखंड की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और एसआईआर प्रक्रिया को लेकर भाजपा ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। गोड्डा के पूर्व विधायक अमित कुमार मंडल ने साहिबगंज में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान घुसपैठ, कथित फर्जी दस्तावेजों और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए जनता की आवाज का सम्मान और शासन व्यवस्था में पारदर्शिता जरूरी है। इसी उद्देश्य से भाजपा ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ का नारा दिया है।
सरकार की भूमिका पर उठाए सवाल :
अमित मंडल ने राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, घुसपैठ और कथित फर्जी दस्तावेजों के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष और इंडी गठबंधन ऐसे गंभीर विषयों पर अपेक्षित जिम्मेदारी नहीं निभा रहे हैं। कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान दस्तावेजों की सत्यता को लेकर बरहड़वा और बरहेट प्रखंड से सामने आए दो मामलों ने निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बरहड़वा में दूसरे व्यक्ति के नाम पर जारी प्रमाण-पत्र में कथित रूप से छेड़छाड़ कर फर्जी निवास प्रमाण-पत्र तैयार करने और उसके आधार पर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के प्रयास का मामला सामने आ चुका हैं। वहीं बरहेट में एक महिला की पहचान, आधार संख्या और वंशावली प्रमाण-पत्र को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई है। वहीं उन्होंने कहा कि झारखंड में कानून व्यवस्था भी पूरी तरह चरमरा गई है। इन दिनों थाना भी सुरक्षित नहीं है। वहां भी महिला के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में जनहित के मुद्दों की अनदेखी हो रही है और व्यवस्था में अराजकता की स्थिति बनी हुई है।
लोकतंत्र की रक्षा सबकी जिम्मेदारी :
कांग्रेस की रामलीला मैदान में प्रस्तावित सभा पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा केवल किसी एक राजनीतिक दल का मुद्दा नहीं, बल्कि सरकार, विपक्ष, मीडिया और आम नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रेसवार्ता में अमित मंडल ने कांग्रेस के ईवीएम संबंधी आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार ईवीएम में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए पूरे देश में बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग करती रही है। लेकिन उनके अनुसार, चार राज्यों में बैलेट पेपर से मतदान होने के बावजूद कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली। उन्होंने इस चुनावी परिणाम का हवाला देते हुए कहा कि इससे जनता के रुझान को समझा जा सकता है।
प्रेसवार्ता में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य धर्मेंद्र ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष कुमारी गरिमा और संजय पटेल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।



