वेंडर व्यवस्था का किया विरोध, माता समिति के माध्यम से राशि आवंटित करने की मांग
बरहेट (साहिबगंज)। प्रखंड पब्लिक पुस्तकालय परिसर में मंगलवार को मध्याह्न भोजन (एमडीएम) योजना से जुड़ी रसोइया और संयोजिकाओं की बैठक हुई। इसमें कई महीनों से मानदेय का भुगतान लंबित रहने और एमडीएम संचालन के लिए राशि आवंटन में देरी पर नाराजगी जताई गई। कर्मियों ने प्रस्तावित वेंडर व्यवस्था का विरोध करते हुए पूर्व की तरह माता समिति के माध्यम से राशि उपलब्ध कराने की मांग की।
बैठक की अध्यक्षता कर रहीं सेलीना हांसदा ने कहा कि रसोइया और संयोजिकाएं बच्चों को नियमित भोजन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, लेकिन समय पर राशि नहीं मिलने से उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दुकानदारों ने भी उधार राशन देना बंद कर दिया है। बैठक में सम्मानजनक मानदेय, बकाया भुगतान और बच्चों को दिए जाने वाले अंडे की राशि बढ़ाने की मांग उठाई गई। कर्मियों ने कहा कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आगे आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। बैठक में कई रसोइया और संयोजिकाएं उपस्थित थीं।



