भूतेश्वर नाथ मंदिर के समीप पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए श्रद्धालुओं ने किया तर्पण
बरहेट। पितृ पक्ष के अवसर पर रविवार को बरहेट स्थित भूतेश्वर नाथ मंदिर के समीप गुमानी नदी घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति और मोक्ष की कामना को लेकर तर्पण करने पहुंचे। श्रद्धालुओं ने गुमानी नदी के पवित्र जल में जल और तिल अर्पित कर विधि-विधान से अपने पितरों का स्मरण किया।
तर्पण के बाद भूतेश्वर नाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना:
बलिराज पांडे और अशोक पांडे ने धार्मिक रीति-रिवाज के अनुसार श्रद्धालुओं को तर्पण कराया। अनुष्ठान के बाद श्रद्धालुओं ने भूतेश्वर नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। पितृ पक्ष में तर्पण और पिंडदान का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। मौके पर बमबम गुप्ता, रंजीत गुप्ता, दीपक साह, चंदन गुप्ता, पवन भगत, आलोक साह, रुकेश गुप्ता समेत अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।



