बिहार में ‘गुलाबी सर्दी’ का आगाज हो गया है, आरा में दिन और रात बराबर होने के साथ अब लंबी रातों का सिलसिला शुरू हो गया है।
आरा। रविवार को रात और दिन बराबर होने के साथ अब लंबी रातों का सिलसिला शुरू हाे गया है। इसी के साथ मौसम की खुशगवारी का आगाज भी हो चुका है।
अब रातें लंबी और दिन लगातार छोटे होते जाएंगे। रविवार की सुबह 5.42 सूर्योदय होने के ठीक बारह घंटे बाद शाम 5.42 बजे सूर्यास्त हुआ।
इधर मौसम के बदलने वाले इस रंग का एहसास 23 सितंबर से ही होने लगा है। रविवार को सुबह 5.42 बजे सूरज ने आंखें खोली तो 24 डिग्री सेल्सियस के न्यूनतम तापमान के बीच गुनगुने एहसास के साथ दिन की शुरुआत हुई।
बाद में दोपहर एक बजे तक आसमान में छाए काले बादलों के बीच अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को पार नहीं कर सका।
शाम 5.42 बजे सूर्यास्त हो गया, फिर भी तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं आई थी, पर रात में न्यूनतम तापमान का पारा लुढ़ककर 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
ऐसे में आने वाले नवरात्र के दौरान मौसम के पूरी तरह खुशगवार रहने की संभावना है। अब बीते दिनों हुई भारी बारिश का सिलसिला भी समाप्त हो गया है, जिससे मौसम और भी सुहाना हो जाएगा।
इधर, रात में तापमान कम होने से गुनगुने ठंड का एहसास भी शुरू हो गया है। मौसम के बदलते मिजाज इस वर्ष सर्दी के जल्दी आने का संकेत दे रहे हैं।
यही कारण है कि संदूक में रखे गए गर्म कपड़े अब धुलाई के लिए लौंड्री पहुंचने लगे हैं। अक्टूबर के महीने में त्योहारों की व्यस्तता के बीच धीरे धीरे पांव पसारती ठंड का एहसास हो न हो, त्योहार बीतते ही गुलाबी सर्दी का स्वागत करने की तैयारी अब शुरू कर देनी चाहिए।
सूर्योदय-सूर्यास्त की संभावित विवरणी
| दिनांक | सूर्योदय | सूर्यास्त |
|---|---|---|
| 28 सितंबर | 5.42 | 5.41 |
| 29 सितंबर | 5.42 | 5.40 |
| 30 सितंबर | 5.43 | 5.39 |
| 01 अक्टूबर | 5.43 | 5.38 |
| 02 अक्टूबर | 5.44 | 5.37 |
| 03 अक्टूबर | 5.44 | 5.36 |
| 04 अक्टूबर | 5.44 | 5.35 |
| 05 अक्टूबर | 5.45 | 5.34 |
| 06 अक्टूबर | 5.45 | 5.33 |
कहते हैं विशेषज्ञ?
वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय में भूगोल के पीजी विभागाध्यक्ष प्रो.ललित सागर कहते हैं कि अपनी धुरी पर 23.5 डिग्री झुकी पृथ्वी सूर्य के चक्कर लगा रही है। 21 मार्च और 23 सितंबर को पृथ्वी की भूमध्य रेखा बिल्कुल सूर्य के सामने पड़ती है, जिससे दिन और रात बराबर हो जाते हैं
भारत के पश्चिम से पूर्व की देशांतरीय सीमा 68° 7′ पूर्व से 97° 25′ पूर्व तक है और यह लगभग 30 डिग्री देशांतर अंतराल है, प्रति डिग्री देशांतर पर सूर्योदय में चार मिनट का अंतर होता है और पश्चिम से गुजरात से पूर्व में अरुणाचल प्रदेश की ओर जैसे-जैसे हम जाते हैं।
सूर्योदय पहले होता है, इसलिए सभी शहरों के सूर्योदय और सूर्यास्त का समय अलग-अलग हाेता है और आरा में इस साल दिन और रात 27 सितंबर एवं अगले साल 14 मार्च को बराबर होगा।



