जामताड़ा में कैदी को दूसरी गाड़ी में बैठाने के दौरान हथियार छीनने और फायरिंग की कोशिश का दावा, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हुई मौत
रांची/जामताड़ा: झारखंड के चर्चित गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की रविवार देर रात जामताड़ा जिले में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, साहिबगंज मंडल कारा से धनबाद जेल स्थानांतरण के दौरान यह घटना उस समय हुई जब सुरक्षा बल रास्ते में खराब हुए पुलिस वाहन से उसे दूसरी गाड़ी में शिफ्ट कर रहे थे।बताया गया कि यात्रा के दौरान पुलिस वाहन का टायर पंचर हो गया, जिसके बाद वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था की गई। इसी दौरान कैदी को दूसरी गाड़ी में बैठाने की प्रक्रिया चल रही थी। पुलिस का दावा है कि मौके का फायदा उठाकर सुजीत सिन्हा ने एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और पुलिस पर फायरिंग करने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसकी मौत हो गई।इस घटना की पुष्टि साहिबगंज के पुलिस अधीक्षक अमित सिंह तथा जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक शंभु सिंह ने की है।कड़ी सुरक्षा के बीच हो रहा था जेल स्थानांतरणपुलिस सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा और प्रशासनिक कारणों से सुजीत सिन्हा को साहिबगंज मंडल कारा से धनबाद जेल स्थानांतरित करने का आदेश जारी किया गया था। इसी आदेश के अनुपालन में उसे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच धनबाद ले जाया जा रहा था।

रास्ते में वाहन खराब होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था के बीच दूसरी गाड़ी में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू की गई, जिसके दौरान यह पूरी घटना हुई।कई संगीन मामलों का आरोपी था सुजीत सिन्हासुजीत सिन्हा झारखंड के कुख्यात अपराधियों में शामिल रहा है। उसके विरुद्ध हत्या, रंगदारी, फायरिंग, आर्म्स एक्ट सहित संगठित अपराध से जुड़े अनेक मामले विभिन्न जिलों के थानों में दर्ज थे। जांच एजेंसियों के अनुसार, जेल में बंद रहने के बावजूद वह अपने गिरोह के नेटवर्क के माध्यम से आपराधिक गतिविधियों का संचालन करता था।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसका प्रभाव धनबाद, बोकारो, रामगढ़, रांची समेत कई जिलों तक फैला हुआ था। लंबे समय से उसके द्वारा जेल के भीतर से मोबाइल और सहयोगियों के जरिए गिरोह संचालित किए जाने की सूचनाएं भी मिलती रही थीं। इसी को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से उसे दूसरी जेल में स्थानांतरित करने का निर्णय लिया था।फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है तथा मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।




