भोगनाडीह गांव में तनाव के बीच पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मामले की जांच जारी
बरहेट/साहिबगंज। थाना क्षेत्र के भोगनाडीह गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि करीब 16 लोग घायल हो गए। मंगलवार को बोरियो प्रभाग के पुलिस निरीक्षक नूनू देव राय ने बरहेट थाना में प्रेस वार्ता कर बताया कि जमाबंदी संख्या 55, दाग संख्या 228 की जमीन को लेकर विवाद के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। सभी घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरहेट में कराया गया, जहां से छह गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। इनमें फूलभंगा गांव निवासी 50 वर्षीय नूर मोहम्मद अंसारी की इलाज के लिए कोलकाता ले जाने के दौरान रास्ते में मौत हो गई।
दोनों पक्षों से प्राथमिकी दर्ज, नौ आरोपी गिरफ्तार:
पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। बरहेट थाना कांड संख्या 68/26 में 13 नामजद और 10 अज्ञात, जबकि कांड संख्या 69/26 में 34 लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कांड संख्या 68/26 में सात तथा कांड संख्या 69/26 में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है। वहीं मंगलवार को मृतक नूर मोहम्मद अंसारी के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और तनाव का माहौल है।




