पंचायत भवनों में सार्वजनिक की गई लाभार्थियों की सूची, कार्यालय में लिखित दावा-आपत्ति जमा करने का निर्देश
बरहेट/साहिबगंज। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के आवास प्लस 2.0 सर्वे-2024 के तहत ग्राम सभा से अनुमोदित स्वीकृत एवं अस्वीकृत लाभार्थियों की सूची पंचायत भवनों में सार्वजनिक कर दी गई है। प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा जारी सूचना के अनुसार, ग्रामीण विकास विभाग एवं उच्चाधिकारियों के निर्देश पर तैयार स्थायी प्रतीक्षा सूची से संबंधित लाभार्थी अपने पंचायत भवन पहुंचकर सूची में अपना नाम एवं स्थिति की जांच कर सकते हैं।
सूची में शामिल लाभार्थी 12 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक दावा-आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। इसके लिए संबंधित लाभार्थियों को कार्यालय अवधि में प्रखंड कार्यालय स्थित आवास शाखा (आवास कंट्रोल रूम) में लिखित रूप से दावा-आपत्ति जमा करनी होगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 के बाद किसी भी प्रकार की दावा-आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी। इसलिए संबंधित लाभार्थियों से समय सीमा के भीतर सूची की जांच कर आवश्यक होने पर अपना दावा-आपत्ति दर्ज कराने की अपील की गई है।



