आज से कई पूजा पंडालों में शुरू होगा गणेश पूजा मेला, झारखंड की संस्कृति और विरासत दिखाएंगे पंडाल
साहिबगंज। गणेश चतुर्थी, हरियालिका तीज और चकचंदा (चौरचन/चौठचंद्र) का पर्व सोमवार को साहिबगंज शहर सहित जिलेभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर बाजारों में दिनभर चहल-पहल रही। वहीं, गणेश पूजा को लेकर शहर के विभिन्न इलाकों में आकर्षक पंडाल और भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं।
रामपुर दहला गणेश पूजा समिति की ओर से चैती दुर्गा मंदिर परिसर में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर दोपहर में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत पूजा-अर्चना की गई। पुरोहितों के अनुसार, उदया तिथि के आधार पर शहर की कई गणेश पूजा समितियों की ओर से 15 सितंबर मंगलवार को गणेश पूजा की जाएगी।
पंडालों में दिखेगी झारखंड की संस्कृति और विरासत:

सकरूगढ़ बड़ी गणेश पूजा समिति, पोखरिया गणेश पूजा समिति, केलाबाड़ी धनगढ़सी गणेश पूजा समिति, गुल्ली भट्ठा पांच मोड़ गणेश पूजा समिति, जड्डू मोड़ गणेश पूजा समिति, सब्जी मंडी गणेश पूजा समिति, शहीद चौक बघवा कुआं के समीप, कॉलेज रोड एन क्लब के समीप सहित अन्य पूजा समितियों की ओर से प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की जाएगी। पूजा समितियों ने श्रद्धालुओं को आकर्षित करने के लिए आकर्षक पंडाल, भव्य प्रतिमा, विद्युत सज्जा और मेले की व्यवस्था की है। कई पंडालों में झारखंड की आस्था, संस्कृति और विरासत को थीम के माध्यम से दर्शाया गया है।
वहीं गणेश पूजा और तीज को लेकर बाजारों में भी काफी रौनक देखने को मिली। सुहागिन महिलाओं ने पति की लंबी आयु और सुख-समृद्धि की कामना को लेकर हरियालिका तीज का व्रत रखकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। वहीं मिथिलांचल की महिलाओं ने पुत्र एवं पति की दीर्घायु की कामना को लेकर चकचंदा पर्व की पूजा की।
गणेश और विश्वकर्मा पूजा मेले का एक साथ मिलेगा आनंद:
इस वर्ष श्रद्धालुओं को प्रथम पूज्य भगवान गणेश और शिल्पकार भगवान विश्वकर्मा के दर्शन के साथ दोनों पूजा के मेले का आनंद लेने का अवसर मिलेगा। शहर की कई गणेश पूजा समितियों की ओर से 18 सितंबर को प्रतिमा विसर्जन किया जाएगा। ऐसे में श्रद्धालु गणेश पूजा मेले के साथ विश्वकर्मा पूजा मेले का भी आनंद ले सकेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, सीसीटीवी से निगरानी:
पर्व एवं मेले को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। भीड़भाड़ वाले स्थानों, बाजारों और मेला क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों से पल-पल निगरानी की जा रही है। टाइगर मोबाइल गश्ती दल लगातार गश्त कर रहे हैं। इसके अलावा चौक-चौराहों और पूजा पंडालों के आसपास मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है।



