उधवा। जनगणना 2026-27 के तहत प्रगणक के रूप में कार्य करने वाले शिक्षकों को अब तक मानदेय का भुगतान नहीं होने पर शिक्षकों ने नाराजगी जताई है। इस संबंध में मंगलवार को शिक्षकों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी जयंत कुमार तिवारी को संयुक्त हस्ताक्षरयुक्त आवेदन सौंपकर बकाया मानदेय का अविलंब भुगतान कराने की मांग की। आवेदन सौंपने पहुंचे शिक्षक मैनुल हक, जिब्राइल शेख, मो. अब्दुल हन्नान फैजी, मो. नूरुद्दीन, बसीरुद्दीन अहमद, मो. बरकत अली, अताउर रहमान, सकल हेम्ब्रम सहित अन्य शिक्षकों ने बताया कि जनगणना 2026-27 के दौरान प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में उन्हें प्रगणक के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई थी। सभी शिक्षकों ने आवंटित कार्यों का निष्पादन किया, लेकिन कार्य पूरा होने के बावजूद अब तक उन्हें मानदेय की राशि प्राप्त नहीं हुई है। शिक्षकों का कहना है कि अन्य जिलों में जनगणना कार्य में लगे कर्मियों को मानदेय का भुगतान किया जा चुका है, जबकि उधवा प्रखंड के शिक्षकों को अब तक भुगतान के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। शिक्षकों ने बीडीओ से मामले में आवश्यक पहल करते हुए लंबित मानदेय का भुगतान जल्द सुनिश्चित कराने का आग्रह किया। वहीं, आवेदन की प्रतिलिपि उपायुक्त एवं राजमहल विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा को भी प्रेषित की गई है।



