उधवा। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर आगामी 15 नवंबर को भव्य कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसी को लेकर उधवा प्रखंड अंतर्गत मोहनपुर के खरदंग मैदान में झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष अय्यूब अली उर्फ बाबू दा के नेतृत्व में बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 15 नवंबर को कार्यक्रम को भव्य एवं सफल बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान आयोजन की रूपरेखा तैयार करने, अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा कार्यक्रम को बेहतर तरीके से संपन्न कराने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।बैठक में उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और झारखंड राज्य के निर्माण में उनके योगदान को याद करते हुए स्थापना दिवस समारोह को उत्साहपूर्वक मनाने का संकल्प लिया। मौके पर केंद्रीय समिति सदस्य एखलाकुर रहमान, प्रखंड सचिव विश्वजीत मंडल, प्रखंड उपाध्यक्ष जैनुल आब्दीन शेख, कीनू सोरेन, जहांगीर शेख, यासीन शेख सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



