साहिबगंज में गंगा कटाव की समस्या से निपटने, छठ पर्व के लिए नए घाट विकसित करने और पर्यावरण-अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देने को लेकर बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
साहिबगंज. डीसी-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में शुक्रवार को कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला गंगा समिति की बैठक हुई. इसमें गंगा नदी के तटों के संरक्षण, छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए अतिरिक्त घाटों के विकास तथा पर्यावरण अनुकूल पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहित करने पर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे.
अतिरिक्त छठ घाटों के विकास का प्रस्ताव
छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और उनकी सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए जिले में अतिरिक्त छठ घाटों के विकास की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया. इस संबंध में आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर नमामि गंगे परियोजना को भेजने का प्रस्ताव पारित किया गया, ताकि घाटों का विकास कर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करायी जा सकें.
बिजली घाट से ओझा टोली घाट तक होगा तट संरक्षण
साहिबगंज शहरी क्षेत्र में गंगा नदी के कटाव से तटीय इलाकों की सुरक्षा के मद्देनजर बिजली घाट से ओझा टोली घाट तक लंबित तट संरक्षण कार्य को शीघ्र पूरा कराने पर विशेष जोर दिया गया. संबंधित कार्यों में तेजी लाकर तटों को कटाव से सुरक्षित करने की आवश्यकता बतायी गयी.
वहीं, बास्कोला रेलवे लाइन के समीप गंगा नदी के कटाव से रेलवे अवसंरचना और आसपास के क्षेत्रों को संभावित खतरे से बचाने के लिए पहले किए गए अस्थायी कटाव निरोधक कार्यों के अतिरिक्त व्यापक और स्थायी तट संरक्षण कार्य कराने पर भी चर्चा हुई.
गंगा में गैर-मोटर चालित नौकाओं के परिचालन पर चर्चा
बैठक में गंगा नदी में मनोरंजन और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गैर-मोटर चालित नौकाओं के परिचालन की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया. इसका मुख्य उद्देश्य गंगा में पर्यटन को प्रोत्साहित करने के साथ जलीय जीवों, विशेषकर गंगा डॉल्फिन के प्राकृतिक आवास और पारिस्थितिकी तंत्र को सुरक्षित रखना है. इस दौरान पर्यावरण अनुकूल पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया गया.
डीसी दीपक कुमार दूबे ने गंगा नदी के संरक्षण, तटीय क्षेत्रों की सुरक्षा और स्थानीय स्तर पर जनसुविधाओं के विकास के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया.
बैठक में डीडीसी सतीश चंद्रा, नगर प्रशासक अभिषेक कुमार सिंह, नगर पंचायत प्रशासक राजमहल दानिश हुसैन, नमामि गंगे परियोजना के जिला समन्वयक अमित मिश्रा सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.



