दिल्ली के भारत मंडपम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड पवेलियन का उद्घाटन किया। IITF में राज्य की समृद्ध संस्कृति, पारंपरिक हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शनी के माध्यम से पेश किया गया है।
रांची. दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ) में शनिवार को झारखंड पवेलियन का उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया. मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर पवेलियन का शुभारंभ किया. इस मौके पर झारखंड की पारंपरिक कला, हस्तशिल्प, चित्रकला और स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है.
उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने पवेलियन में लगे विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया. उन्होंने कलाकारों, उद्यमियों और प्रतिभागियों से मुलाकात कर उनके उत्पादों और कामकाज की जानकारी ली. झारखंड की पारंपरिक कला और स्थानीय उत्पादों को देखकर उन्होंने सराहना की. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और उद्यमियों से राज्य के उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में बेहतर पहचान दिलाने की दिशा में काम करने पर जोर दिया.
800 वर्ग फीट में बना है झारखंड पवेलियन
भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में झारखंड पवेलियन को 800 वर्ग फीट क्षेत्र में तैयार किया गया है. यहां उद्योग विभाग, खान, पर्यटन, खादी बोर्ड और जेएसएलपीएस समेत विभिन्न विभागों और संस्थाओं के कुल 22 स्टॉल लगाये गये हैं. इन स्टॉलों के माध्यम से राज्य की औद्योगिक क्षमता, पर्यटन की संभावनाओं, हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों को प्रदर्शित किया जा रहा है.
देश-विदेश के खरीदारों तक पहुंचेंगे झारखंड के उत्पाद
भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला देश के प्रमुख व्यापारिक आयोजनों में शामिल है. इसमें झारखंड पवेलियन राज्य के उत्पादों और सांस्कृतिक विरासत को देश-विदेश के व्यापारियों और आगंतुकों के सामने प्रस्तुत करने का मंच उपलब्ध करा रहा है. इसके जरिये स्थानीय कलाकारों, उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा.



