साहिबगंज। जिले के टाउन हॉल में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) विषय पर एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला सह प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय, केंद्रीय सचिव पंकज मिश्रा, राजमहल सांसद विजय हांसदा, राजमहल विधायक मो. ताजुद्दीन, बोरियो विधायक धनंजय सोरेन तथा लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता झामुमो जिलाध्यक्ष अरुण सिंह ने की। टाउन हॉल पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने अतिथियों का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत झामुमो के संस्थापक एवं दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ की गई।

मंच को संबोधित करते हुए केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की मजबूती में प्रत्येक कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इसके माध्यम से पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने कहा कि झामुमो लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी पात्र नागरिक के मतदान अधिकार से समझौता नहीं होने दिया जाएगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में जाकर मतदाता सूची का गहन सत्यापन करें तथा जिन लोगों के नाम सूची में शामिल नहीं हैं, उन्हें जोड़ने और जिनके नाम हट गए हैं, उन्हें पुनः शामिल कराने की प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग दें। उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ संगठन की सबसे बड़ी ताकत होते हैं और संगठन की मजबूती ही लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का आधार है।कार्यशाला में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान SIR प्रक्रिया, मतदाता सूची के सत्यापन तथा बूथ स्तर पर संगठन को सशक्त बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।





