सीसीटीवी फुटेज के आधार पर राधानगर थाना क्षेत्र में छापेमारी, दो बुलेट बाइक बरामद; गिरोह के सरगना की तलाश जारी
उधवा: पश्चिम बंगाल में बाइक चोरी की घटनाओं की जांच कर रही विधाननगर थाना पुलिस को मामले में अहम सुराग हाथ लगे हैं। जांच के सिलसिले में बंगाल पुलिस पिछले दो दिनों से राधानगर थाना क्षेत्र में कैंप कर रही है। स्थानीय पुलिस के सहयोग से की गई कार्रवाई के दौरान एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। उसकी निशानदेही पर चोरी की दो बुलेट बाइक बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है।जानकारी के अनुसार, बीते 25 सितंबर को पश्चिम बंगाल के विधाननगर थाना क्षेत्र से पांच बुलेट बाइक चोरी होने की घटना हुई थी। मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। इस दौरान घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। जांच के क्रम में पुलिस को राधानगर थाना क्षेत्र के कथित बाइक चोर गिरोह की संलिप्तता से जुड़े सुराग मिले। इसके बाद बंगाल पुलिस संदिग्धों की तलाश में उधवा पहुंची।
चोरी की अन्य बाइकों की तलाश जारी
विधाननगर थाना के एएसआई सुब्रतो मल्लिक के अनुसार, राधानगर थाना पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर गिरोह से जुड़े एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। वहीं, कोलकाता के दमदम थाना क्षेत्र में हुई बाइक चोरी की घटनाओं से जुड़े मामले में दो बुलेट बाइक बरामद की गई हैं। बरामद दोनों बाइक नई बताई जा रही हैं।पुलिस अब चोरी की अन्य बाइकों की बरामदगी और गिरोह के कथित सरगना का पता लगाने में जुटी है। इसके लिए संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही बाइक चोरी की घटनाओं में शामिल अन्य लोगों और पूरे गिरोह की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।



