स्क्रैप दुकान से ट्रांसफॉर्मर के महत्वपूर्ण पुर्जे और 18 हजार रुपये बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
बरहरवा। बोनीडांगा रेलखंड पर 63 केवीए रेलवे ट्रांसफॉर्मर से कॉपर और महत्वपूर्ण पुर्जों की चोरी के मामले का आरपीएफ ने खुलासा किया है। 25 सितंबर को ट्रांसफॉर्मर अपने स्थान से गिरा मिला था। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1.51 लाख रुपये बताई गई है। आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में जांच के दौरान मेहनदीडंगा स्थित एक स्क्रैप दुकान में छापेमारी की गई।
स्क्रैप दुकान से चोरी के पुर्जे बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार :

छापेमारी के दौरान तीन बेस बॉडी पार्ट्स, 16 ब्लेड सेल पार्ट्स और 18 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। मौके से शुक्रवारसानी, मिर्जापुर निवासी अखलाक हुसैन को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में अन्य लोगों की संलिप्तता की जानकारी सामने आई, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। आरपीएफ फरार आरोपी समेत अन्य आरोपियों और चोरी के शेष सामान की तलाश में जुटी है।



