बरहेट की 14 वर्षीय प्रतिभा ने खगड़िया में बिखेरा जलवा, सहेली आरोही ने भी दी शानदार प्रस्तुति
बरहेट (साहिबगंज)। प्रखंड के फूलभंगा गांव की 14 वर्षीय जियाना परवीन ने इंडिया सपोर्ट डांस चैंपियनशिप-2026 में प्रथम स्थान हासिल कर साहिबगंज जिले का नाम रोशन किया है। बिहार के खगड़िया स्थित शारदा फार्म हाउस में आयोजित प्रतियोगिता में जियाना ने अपनी नृत्य प्रस्तुति से निर्णायकों को प्रभावित किया। प्रतियोगिता का आयोजन यूनिकॉर्न म्यूजिक एंड डांस एकेडमी ने किया था।
इस प्रतियोगिता में जियाना की नौ वर्षीय सहेली आरोही कुमारी सिंह ने भी शानदार प्रदर्शन किया। आरोही असम के गुवाहाटी स्थित माली माली गांव की रहने वाली हैं। उल्लेखनीय है कि जियाना इससे पहले अररिया में आयोजित द्वितीय जिला स्तरीय थांग-ता प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। उनकी इस उपलब्धि से फूलभंगा और बरहेट क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों और परिजनों ने दोनों बच्चियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



