Bihar Girls Missing Case: पश्चिम चंपारण के मझौलिया से स्कूल जाने के लिए निकलीं चार चचेरी बहनें रहस्यमय तरीके से गायब हो गईं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें 17 घंटे बाद दिल्ली रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया।
मझौलिया (पश्चिम चंपारण)। West Champaran Four Sisters Missing: जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र के एक गांव से स्कूल जाने के लिए निकलीं चार किशोरियां रहस्यमय तरीके से गायब हो गईं।
शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे घर से निकलीं चारों चचेरी बहनों को पुलिस ने करीब 17 घंटे बाद शनिवार की सुबह दिल्ली रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया।
एसएसपी कुमार गौतम के निर्देश पर पुलिस ने दिल्ली पुलिस के सहयोग से यह कार्रवाई की।
स्कूल के लिए निकली थीं
चारों किशोरियां नौवीं और दसवीं कक्षा की छात्राएं हैं। सभी निम्न मध्यमवर्गीय परिवार से संबंधित हैं और आपस में चचेरी बहनें हैं।
बताया जाता है कि चारों शुक्रवार की सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटीं।
इसके बाद स्वजन ने मामले की जानकारी मझौलिया थाने को दी। थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि शुक्रवार की शाम किशोरियों के स्वजन ने चारों के घर से गायब होने की शिकायत पुलिस से की थी।
सप्तक्रांति एक्सप्रेस पर अलर्ट
सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस को जानकारी मिली कि चारों किशोरियां सप्तक्रांति एक्सप्रेस से जा सकती हैं।
इसके बाद ट्रेन के संभावित मार्ग पर अलर्ट जारी किया गया। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर समेत अन्य स्थानों पर भी पुलिस ने सर्च अभियान चलाया, लेकिन किशोरियों का सुराग नहीं मिल सका।
दिल्ली स्टेशन पर मिलीं
आखिरकार शनिवार की सुबह चारों किशोरियों को दिल्ली रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस की तत्परता और दिल्ली पुलिस के सहयोग से यह सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार, किशोरियों को वापस लाया जा रहा है। उनके लौटने के बाद ही घर से जाने के कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



