छठ का रंग चढ़ा साहिबगंज में, व्रतियों में दिखा उत्साह और आस्था का संगम

साहिबगंज: साहिबगंज और इसके आसपास के इलाके में लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा का उत्साह चरम पर है। नहाय-खाय के साथ शनिवार से इस पावन पर्व का शुभारंभ हुआ, वहीं रविवार को श्रद्धालु खरना का व्रत कर रहे हैं। सोमवार की शाम अस्ताचल भगवान भास्कर को और मंगलवार की सुबह उदयाचल भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के साथ यह महापर्व संपन्न होगा। इधर, छठ पर्व को लेकर साहिबगंज और आसपास के इलाकों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गंगा घाटों की सफाई, लाइटिंग, पंडाल सजावट और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है ताकि व्रतियों को किसी तरह की असुविधा न हो।
आस्था से ओतप्रोत दंपति — पहली बार कर रहे हैं छठ व्रत
इस बार झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता पंकज मिश्रा और उनकी धर्मपत्नी रीता मिश्रा पहली बार पूरी निष्ठा और श्रद्धा के साथ छठ व्रत कर रहे हैं। इसके लिए वे कई दिनों से तैयारियों में जुटे थे। दंपति ने बताया कि यह पर्व आस्था, अनुशासन और आत्मशुद्धि का प्रतीक है।रीता मिश्रा ने कहा — “यह पर्व श्रद्धा व आस्था का महापर्व है। कठोर नियमों के बावजूद इसे करने से आत्मिक शांति और आनंद की अनुभूति होती है।”वहीं पंकज मिश्रा ने कहा — “छठ जैसे पर्व समाज को जोड़ते हैं। पहली बार इस व्रत को करने का अवसर मिलना हमारे लिए गर्व और खुशी की बात है।”




