उधवा (अटल भारत) : भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश अध्यक्ष सह प्रतिपक्ष नेता बाबूलाल मरांडी के निर्देशानुसार सोमवार को उधवा प्रखंड मुख्यालय परिसर में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। इसका नेतृत्व मंडल अध्यक्ष प्रताप राय ने किया। प्रदर्शन के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रखंड विकास पदाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल झारखंड के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में उठाई गई कई मांगें :–
भाजपा नेताओं ने ज्ञापन में कहा कि झारखंड की हेमंत सरकार पूरी तरह विफल है। राज्य की विधि-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है और अपराधियों-माफियाओं का बोलबाला है। उन्होंने सामाजिक- राजनीतिक कार्यकर्ता सूर्या हांसदा की हत्या की जांच सीबीआई से कराने की मांग की।साथ ही नगड़ी के किसानों की जमीन रिम्स-2 के नाम पर छीनी जा रही है, जिसे वापस दिलाने की अपील की गई।
सूर्या हांसदा का कथित फर्जी एनकाउंटर पर उठा सवाल :–
ज्ञापन में कहा गया कि संथाल परगना के लोकप्रिय सामाजिक कार्यकर्ता सूर्या हांसदा की हत्या को पुलिस ने फर्जी एनकाउंटर बताकर छिपाने की कोशिश की।हांसदा गरीब आदिवासी बच्चों को पढ़ाते थे और अवैध उत्खनन व पत्थर तस्करी का विरोध करते थे। उन पर कोई वारंट नहीं था और अधिकांश मुकदमों में वे बरी हो चुके थे। भाजपा ने आरोप लगाया कि पुलिस ने षड्यंत्रपूर्वक घर से उठाकर टॉर्चर किया और गोली मार दी।
नगड़ी के रैयतों की जमीन पर विवाद :–
नगड़ी क्षेत्र के रैयतों की खेती योग्य जमीन को सरकार रिम्स-2 के नाम पर अधिग्रहित करना चाहती है। 1955 में बिहार सरकार और 2012 में झारखंड सरकार भी ऐसा प्रयास कर चुकी थी, लेकिन जनविरोध के चलते प्रक्रिया रोकनी पड़ी।अब फिर से किसानों को विस्थापित करने की कोशिश हो रही है।
भाजपा का आंदोलन जारी रहेगा :–
भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश में आदिवासियों पर अत्याचार बढ़ रहे हैं, बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और किसान जमीन से बेदखल किए जा रहे हैं।प्रदेश भाजपा इस मुद्दे को लेकर सड़क से सदन तक आंदोलनरत है। राज्यपाल से मांग की गई कि वे तत्काल हस्तक्षेप कर सूर्या हांसदा हत्या मामले की सीबीआई जांच सुनिश्चित करें और नगड़ी रैयतों की जमीन बचाने के लिए सरकार को निर्देशित करें।
मौके पर मौजूद रहे भाजपा के कई कार्यकर्ता :–
धरना में सुनील प्रमानिक, धर्मराज मंडल, कमल कांत शाह, दिनेश रविदास, निमई मंडल, भुवन मंडल समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और महिलाएं उपस्थित थीं।
