भगवान बिरसा मुंडा ने मिशनरी पढ़ाई छोड़कर आदिवासियों के अधिकारों के लिए ‘बिरसाइत’ धर्म की स्थापना की. जानें इस अनोखे धर्म और इसके कड़े नियमों के बारे में.
Jharkhand Foundation Day, रांची : 15 नवंबर का दिन झारखंड के इतिहास में बेहद खास है. इसी दिन धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर अलग झारखंड राज्य का गठन हुआ था. बिरसा मुंडा उन महान नायकों में शामिल हैं, जिन्होंने आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए ब्रिटिश शासन से सीधी लड़ाई लड़ी. उन्होंने अपने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया, यही कारण है कि आज भी पूरा देश उन्हें सम्मान के साथ याद करता है.
मिशनरी पढ़ाई छोड़कर लौटे अपनी जड़ों की ओर
झारखंड के खूंटी जिले में जन्मे बिरसा मुंडा के परिवार के ज्यादातर सदस्यों ने ईसाई धर्म अपना लिया था. इसकी शुरुआत उनके चाचा कानू पौलुस से हुई थी. बाद में उनके पिता सुगना और छोटे भाई ने भी ईसाई धर्म स्वीकार कर लिया और धर्म प्रचारक बन गए. बिरसा के बचपन का एक बड़ा हिस्सा खटंगा गांव में उनकी मौसी के घर बीता. वहां रहते हुए वे एक ईसाई प्रचारक के संपर्क में आए, जो अपने प्रवचनों में मुंडा समाज की पुरानी परंपराओं की आलोचना करते थे. यह बात बिरसा को बिल्कुल पसंद नहीं आई. परिणाम ये हुआ कि शुरुआती पढ़ाई मिशनरी स्कूल में करने के बाद वे वापस अपनी आदिवासी परंपरा और जीवनशैली की ओर लौट आए.
कैसे हुई ‘बिरसाइत’ धर्म की शुरुआत?
मशहूर लेखक और पूर्व प्रशासनिक अधिकारी कुमार सुरेश सिंह ने अपनी किताब ‘बिरसा मुंडा और उनका आंदोलन’ में इस बारे में विस्तार से लिखा है. साल 1894 में बिरसा उस आंदोलन से जुड़े, जिसमें आदिवासियों की जमीन और जंगल के अधिकारों की मांग उठाई जा रही थी. इस दौरान बिरसा को महसूस हुआ कि इस लड़ाई को न तो आदिवासी समाज और न ही ईसाई समुदाय पूरी गंभीरता से ले रहा है. यहीं से उन्होंने समाज को एकजुट करने के लिए एक नया पंथ शुरू किया और इसे ‘बिरसाइत’ नाम दिया. इसे मानने वाले ‘बिरसाइत’ कहलाए. साल 1895 में बिरसा ने अपने इस नए धर्म के प्रचार की जिम्मेदारी अपने 12 प्रमुख शिष्यों को सौंपी.
क्यों इतना कठिन है बिरसाइत धर्म का पालन करना?
बिरसाइत धर्म के नियम बेहद सख्त हैं, जिनका पालन करना हर किसी के बस की बात नहीं है. दरअसल इस धर्म को मानने वाले मांस, मदिरा (शराब), बीड़ी और खैनी जैसी चीजों को हाथ तक नहीं लगाते. सिर्फ इतना ही नहीं वे बाहरी खाने से भी परहेज करते हैं. ये लोग न तो बाजार में बनी चीजें खाते हैं और न ही किसी दूसरे व्यक्ति के घर का बना खाना खाते हैं. गुरुवार के दिन ये लोग खास तौर पर पेड़-पौधों के फूल, पत्ती और यहां तक कि दातुन भी नहीं तोड़ते. पहनने के लिए ये केवल हल्के रंग के सादे सूती कपड़ों का ही इस्तेमाल करते हैं.
क्यों कम रह गई इस धर्म को मानने वालों की संख्या?
खूंटी कॉलेज में मुंडारी भाषा के प्रोफेसर बीरेंद्र कुमार सोय मुंडा ने एक मीडिया रिपोर्ट में इसकी वजह बताई है. उनके अनुसार, यदि कोई बाहरी व्यक्ति बिरसाइत धर्म मानने वाले के घर जाता है, तो वे उसे अपने रसोईघर का बना खाना नहीं खिलाते. बल्कि, मेहमान के लिए अलग जगह और राशन का इंतजाम किया जाता है ताकि वे खुद खाना बना सकें. इसके अलावा, दूसरी जाति में विवाह करने पर समाज में मान्यता मिलना मुश्किल हो जाता है. इन्हीं कड़े नियमों के कारण आज इस धर्म को मानने वालों की संख्या काफी कम है. 1900 में बिरसा मुंडा की शहादत के बाद उनके विचारों और आंदोलन का असर तो कायम रहा, लेकिन अनुयायी कम होते गए. वर्तमान में इस धर्म के भी तीन अलग-अलग वर्ग हैं- पहला वर्ग बुधवार को, दूसरा गुरुवार को और तीसरा रविवार को विशेष पूजा करता है. हालांकि, इनमें रविवार को पूजा करने वालों की संख्या सबसे अधिक है.



