बरहरवा/साहिबगंज: उधवा प्रखंड में एक सरकारी कर्मी द्वारा कथित रूप से गलत तरीके से मंईयां सम्मान योजना का लाभ लेने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर सुतियारपाड़ा पंचायत के पिलुघुटु गांव के दर्जनों ग्रामीणों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी, उधवा को आवेदन देकर जांच की मांग की है। आवेदन की प्रतिलिपि उपायुक्त साहिबगंज और मुख्यमंत्री के आप्त सचिव, रांची को भी भेजी गई है।
ग्रामीण राम प्रसाद साह, नोगेन साह, विष्णु साह, करन साह, कमला साह, विजय कुमार साह, बिजली देवी सहित अन्य लोगों ने आवेदन में आरोप लगाया है कि उधवा प्रखंड के मोहनपुर कलस्टर अंतर्गत पिलुघुटु गांव की सहिया साथी सह पर्यवेक्षिका चिंतामणि देवी 24 अक्टूबर 2007 से सरकारी सेवा में कार्यरत हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि सरकारी सेवा में रहते हुए चिंतामणि देवी ने विभाग और संबंधित पदाधिकारियों को कथित रूप से गलत जानकारी देकर तथा महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाकर मंईयां सम्मान योजना की राशि का लाभ लिया है।
आवेदन में ग्रामीणों ने कहा है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो इससे योजना के वास्तविक और पात्र लाभुकों को उनके अधिकार से वंचित होना पड़ सकता है। साथ ही सरकारी राशि के कथित दुरुपयोग की भी बात कही गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार उचित कार्रवाई करने की मांग की है। अब जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि योजना का लाभ लेने में नियमों का उल्लंघन हुआ है या नहीं।



