JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है. पांचों प्रमंडलों में छात्र महापंचायत आयोजित कर सरकार पर मांगों को लेकर दबाव बनाया जाएगा.
JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है. पांचों प्रमंडलों में छात्र महापंचायत आयोजित कर सरकार पर मांगों को लेकर दबाव बनाया जाएगा.
रांचीः JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच ने एक बार फिर आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है. मंगलवार को राजधानी रांची के मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका में मंच के नेता राहुल क्रांति ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि सरकार ने अभ्यर्थियों से दो महीने का समय मांगा था, लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है.
सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप
राहुल क्रांति ने कहा कि सरकार ने अभ्यर्थियों को आश्वासन दिया था कि दो महीने के भीतर मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी, लेकिन अब तक ऐसा नहीं हुआ. उन्होंने आरोप लगाया कि न्यायालय में भी सरकार ने अभ्यर्थियों का पक्ष मजबूती से नहीं रखा. उन्होंने सीआईडी जांच को भी महज दिखावा करार दिया. उन्होंने सवाल उठाया कि जांच के दौरान चार अभ्यर्थियों की गिरफ्तारी की खबरें सामने आयी थीं, तो सरकार ने न्यायालय में इन तथ्यों को प्रभावी ढंग से क्यों नहीं रखा. उनका कहना था कि सरकार मजबूती से अपना पक्ष रखती, तो अभ्यर्थियों की मांगों पर सकारात्मक परिणाम सामने आ सकता था.
पांचों प्रमंडलों में होगी छात्र महापंचायत
राहुल क्रांति ने बताया कि JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच की कोर कमेटी की बैठक में आंदोलन की अगली रणनीति पर चर्चा की जा रही है. इसके तहत राज्य के पांचों प्रमंडलों में छात्र महापंचायत आयोजित की जाएगी. इसकी तारीखों की घोषणा जल्द की जायेगी. उन्होंने कहा कि महापंचायत के माध्यम से अधिक से अधिक अभ्यर्थियों को एक मंच पर लाने का प्रयास होगा. इसके बाद आंदोलन को राज्यव्यापी स्तर पर तेज किया जाएगा.
सभी 24 जिलों के छात्रों को जोड़ने की तैयारी
मंच के नेता ने कहा कि इस बार आंदोलन को कुछ स्थानों तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि झारखंड के सभी 24 जिलों के छात्रों को एकजुट किया जाएगा. उन्होंने दावा किया कि आंदोलन का उद्देश्य परीक्षा व्यवस्था में बदलाव और अभ्यर्थियों की मांगों को लेकर सरकार पर दबाव बनाना है. राहुल क्रांति ने कहा कि मंच अब तक संवैधानिक और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगें उठाता रहा है और आगे भी शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन जारी रखेगा. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार अभ्यर्थियों की मांगों पर ध्यान नहीं देती है, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा.
मीडिया और छात्रों की आवाज दबाने का लगाया आरोप
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल क्रांति ने राज्य सरकार पर मीडिया और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने का भी आरोप लगाया. उन्होंने एक विधायक से जुड़े मामले का जिक्र करते हुए पत्रकारों पर कार्रवाई और पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाये. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में छात्रों और पत्रकारों को अपनी बात रखने का संवैधानिक अधिकार है. सरकार को इस अधिकार का सम्मान करना चाहिए.
आगामी चुनाव में भी जवाब देने की बात
राहुल क्रांति ने कहा कि यदि सरकार अभ्यर्थियों की समस्याओं का समाधान नहीं करती है, तो छात्र लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देंगे. आगामी चुनावों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि छात्र अपने अधिकारों और मांगों को लेकर सरकार को जवाब देने के लिए तैयार हैं. फिलहाल, JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच ने पांचों प्रमंडलों में छात्र महापंचायत आयोजित करने की तैयारी शुरू कर दी है. अब देखना होगा कि इस घोषणा के बाद आंदोलन किस दिशा में आगे बढ़ता है और सरकार की ओर से अभ्यर्थियों की मांगों पर क्या प्रतिक्रिया आती है.



