डाउन लाइन बंद, अप लाइन से परिचालन जारी; कई ट्रेनें रद्द, शॉर्ट टर्मिनेट और डायवर्ट
रेलवे के साथ जिला प्रशासन के भी पदाधिकारी ने संभाला मोर्चा
साहिबगंज। मालदा रेल मंडल के साहिबगंज-बरहरवा रेलखंड पर महाराजपुर रेलवे स्टेशन के समीप झुंझरी पुल के पास गंगा कटाव से रेल ट्रैक को बचाने के लिए रेलवे ने बुधवार सुबह से युद्ध स्तर पर कटाव निरोधक कार्य शुरू कर दिया। पोल संख्या 219/32 के पास डाउन लाइन के करीब गंगा की धार पहुंचने से रेलवे ने एहतियात के तौर पर डाउन ट्रैक पर परिचालन बंद कर दिया है। फिलहाल अप लाइन से ट्रेनों का परिचालन जारी है।
कटाव प्रभावित स्थल पर मालदा रेल मंडल के एडीआरएम मौर्या, डीईएन विद्युत मंडल, एईएन वेद व्यास शरण समेत रेलवे के कई अधिकारी कैंप कर कार्य की निगरानी कर रहे हैं। सैकड़ों मजदूरों को बोल्डर क्रेटिंग के काम में लगाया गया है। मालगाड़ी के वैगनों से प्रभावित हिस्से में बोल्डर गिराए जा रहे हैं। इसके अलावा नाव और हाइवा के माध्यम से भी बोल्डर व डस्ट मौके तक पहुंचाया जा रहा है। यूटीवी की मदद से प्रभावित क्षेत्र में स्लीपर भी पहुंचाए जा रहे हैं।
कई ट्रेनें रद्द, कई का बदला गया मार्ग :

कटाव निरोधक कार्य के कारण रेल परिचालन पर भी असर पड़ा है। साहिबगंज-बरहरवा रेलखंड के टीआई नितिश कुमार के अनुसार 63406 डाउन साहिबगंज-रामपुरहाट मेमू लोकल को रद्द किया गया है। 53408 जमालपुर-रामपुरहाट पैसेंजर और 13410 किउल-मालदा टाउन इंटरसिटी एक्सप्रेस को साहिबगंज तक शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है।
वहीं 13024 गया-हावड़ा एक्सप्रेस और 13404 वनांचल एक्सप्रेस को दुमका होकर डायवर्ट किया गया है। 15657 दिल्ली-कामाख्या एक्सप्रेस और 15744 फरक्का एक्सप्रेस को मुंगेर रूट से डायवर्ट किया गया है। 30 सितंबर को चलने वाली 63074 डाउन साहिबगंज-रामपुरहाट मेमू और 13428 साहिबगंज-हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस भी रद्द की गई हैं। वहीं 03030 मोकामा-हावड़ा स्पेशल को किउल-झाझा मार्ग से चलाया जाएगा।
आरपीएफ ने संभाली सुरक्षा की कमान :

कटाव प्रभावित क्षेत्र में काम के दौरान सुरक्षा को लेकर रेलवे ने भी व्यापक इंतजाम किए हैं। आरपीएफ इंस्पेक्टर गुलाम सरवर अपनी टीम के साथ मौके पर कैंप कर रहे हैं और कार्यस्थल की निगरानी कर रहे हैं।
गंगा पंप नहर विभाग की टीम भी पहुंची :

रेलवे के अनुरोध पर गंगा पंप नहर विभाग की टीम ने भी प्रभावित स्थल का निरीक्षण किया। कार्यपालक अभियंता प्रेम सोरेन ने बताया कि रेलवे द्वारा युद्ध स्तर पर कटाव निरोधक कार्य किया जा रहा है। विभाग की ओर से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार प्रभावित हिस्से में बोल्डर क्रेटिंग, नाव के जरिए बोल्डर डालने और स्लीपर की मदद से सुरक्षा संरचना तैयार करने का काम किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन को प्राथमिकता देते हुए एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। कार्य पूरा होने में कितना समय लगेगा, फिलहाल इसकी निश्चित समय-सीमा बताना संभव नहीं है।



