बरहरवा/साहिबगंज: उधवा प्रखंड के उत्तर बेगमगंज खुटहरीटोला गांव में पुलिया के नीचे से गुजरने वाले जल निकासी मार्ग को ईंट की दीवार बनाकर बंद करने का मामला सामने आया है। इसको लेकर ग्रामीणों ने बुधवार को दर्जनों हस्ताक्षरयुक्त आवेदन थाना प्रभारी राधानगर और अनुमंडल पदाधिकारी राजमहल को सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों प्रमोद मंडल, जयराम मंडल, सरजन मंडल, मंटु मंडल, सखीचन मंडल, पवन मंडल, निखिल मंडल, गौर चंद मंडल, ओम प्रकाश साह, बन्नु मंडल और राजकुमार मंडल सहित अन्य लोगों ने आवेदन में बताया है कि उत्तर बेगमगंज निवासी सिपोति मंडल की जमीन के समीप बनी पुलिया के नीचे से वर्षों से जल निकासी का पारंपरिक मुख्य रास्ता है। इसी रास्ते से उत्तर दिशा स्थित गोबरगाड़ी गांव की ओर पानी की निकासी होती है।
ग्रामीणों का आरोप है कि संतोष मंडल, निवासी उत्तर बेगमगंज, ने करीब चार महीने पहले कथित तौर पर ईंट, पत्थर और मिट्टी डालकर जल निकासी मार्ग पर दीवार बना दी, जिससे पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है।
खेतों में जमा हो रहा पानी, बीमारी का खतरा :
जल निकासी बंद होने के कारण आसपास के किसानों के खेतों में पानी जमा हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार, लंबे समय से पानी जमा रहने के कारण पानी गंदा हो गया है और दुर्गंध के साथ मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। इससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि खेतों में पानी जमा रहने के कारण रबी फसल की खेती प्रभावित हो रही है और खेतों को आबाद करने में भी देरी हो रही है।
रास्ता खोलने की मांग पर विवाद का आरोप :
आवेदन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि जब उन्होंने संतोष मंडल से जल निकासी का रास्ता खोलने की बात कही तो वह विवाद करने पर उतारू हो गए और कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी। ग्रामीणों के अनुसार, उन्हें जल निकासी का रास्ता नहीं खोलने की बात कही गई।
ग्रामीणों ने थाना प्रभारी और अनुमंडल पदाधिकारी से मामले की जांच कर जल निकासी का अवरुद्ध मार्ग जल्द खुलवाने तथा समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।



