बरहरवा/साहिबगंज। नगर पंचायत क्षेत्र के कुशवाहा टोला स्थित ब्राइट कोचिंग सेंटर में रविवार को ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व माय युवा भारत की राष्ट्रीय युवा स्वयंसेविका (NYV) प्रियंका कुमारी ने किया। इस दौरान कोचिंग सेंटर के दर्जनों छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के दौरान डिजिटल बोर्ड के माध्यम से वीडियो एवं विजुअल प्रस्तुत कर युवाओं को नशे के कारण होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक नुकसान के बारे में बताया गया। विद्यार्थियों को समझाया गया कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करने के साथ-साथ परिवार और समाज पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है। युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने की अपील की गई।
प्रियंका कुमारी ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने और स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण के उद्देश्य से लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं की जिम्मेदारी है कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने दोस्तों, रिश्तेदारों तथा पड़ोस के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।



